Dainik Athah

चौधरी चरण के सपनों को भाजपा ने किया साकार-दिनेश शर्मा

प्रदेश के चौतरफा विकास के लिए फिर से डबल इंजन सरकार चाहिये: दिनेश शर्मा

सपने में भी नहीं सोचा था मेरठ से दिल्ली का सफर 40 मिनिट में

विरोधी जाति- धर्म के मुद्दे उठायेंगे, भाजपा सबके विकास में विश्वास करती है

दोबारा से जन विश्वास हासिल करने के लिए यात्रा आई है: जनरल वीके सिंह

अथाह संवाददाता,
मुरादनगर।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीब, मजदूर, जरुरतमंद को उसका हक दिया, प्रदेश में चौतरफा विकास किया, जबकि अन्य दलों की सरकारों ने अपनी तिजौरियां भरने का काम किया।

उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा शनिवार को मुरादनगर के श्री हंस इंटर कालेज में विधायक अजीत पाल त्यागी द्वारा आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा के क्षेत्र में जो भाजपा ने किया, वह दूसरी सरकारों ने सोचा भी नहीं था। कोरोना काल में निश्शुल्क वैक्सीनेशन कराया। विपक्षी दलों ने इसमें भी राजनीति की। वे इसे मोदी वैक्सीन बता कर न लगवाने की बात करते रहे। लेकिन जनता ने सरकार की मंशा को समझा और आज फिर भाजपा के साथ खड़ी हो गई। इसी वैक्सीन ने जीवन देने का काम किया है। विरोध करने वाले खुद अब वैक्सीन लगवा रहे हैं।

उन्होंने रालोद पर निशाना साधते हुए कहा कि चौधरी चरण सिंह के नाम पर वोट तो पाया, लेकिन किया कुछ नहीं। चौधरी साहब के सपनों को साकार करने का काम भाजपा ने किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज कानून का राज है। बहन- बेटियां आज सुरक्षित महसूस कर रही हैं। दूसरी सरकारों में किसी के स्थान पर कोई परीक्षा देता था। ऐसा ही हाल भर्तियों में भी होता था। लेकिन आज पारदर्शिता व साफ मंशा से काम हो रहा है। पात्र को उसका हक मिल रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को भी उन्होंने सराहा।

कहा कि उनके कार्यकाल में देश परमाणु जैसी शक्ति से लैस हुआ। उपमुख्यमंत्री ने कांग्रेस, बसपा, सपा की नाकामी गिनाते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार देश व प्रदेश को आगे लेकर जाएगी। इसलिए किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं है। उन्होंने विधायक अजीत पाल त्यागी की भी जमकर सराहना की। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि जन विश्वास यात्रा दोबारा से आपका विश्वास हासिल करने आई है। जितनी भीड़ सभा में उससे भरोसा है मुरादनगर इस बार एक लाख से अधिक वोटों से जीतेंगे। विधायक अजीतपाल त्यागी, पश्चिमी क्षेत्र के अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, राज्यसभा सदस्य अनिल अग्रवाल, महापौर आशा शर्मा, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, वरिष्ठ नेता अरविंद भारतीय ने भी संबोधित किया।

सपने में भी नहीं सोचा था 40 मिनिट में मेरठ से दिल्ली का सफर

उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि मेरठ से दिल्ली का सफर पांच घंटे में पूरा होता था। सड़कों पर जाम एवं कदम कदम पर गड्ढे थे। लेकिन अब मात्र 40 मिनिट में यह सफर पूरा होता है। यह सपने में भी नहीं सोचा था।

जनसभा में विधायक अजीत पाल त्यागी ने उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, जनरल वीके सिंह, मोहित बेनीवाल समेत सभी अतिथियों का स्वागत करने के साथ ही उन्हें प्रतीक चिन्ह भेंट किया।

मुरादनगर ब्लाक प्रमुख राजीव त्यागी, रजापुर ब्लाक प्रमुख पति राहुल चौधरी डैनी ने भी उप मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस मौके पर मुख्य रूप से महानगर महामंत्री पप्पू पहलवान, गोपाल अग्रवाल, सुशील गौतम, राजेश त्यागी, मीडिया प्रभारी अश्वनी शर्मा, धीरज अग्रवाल, प्रदीप चौधरी, संजीव त्यागी, मंत्री संजीव चौधरी समेत अन्य नेता उपस्थित थे। सभा में हजारों लोगों की भीड़ ने भी अतिथियों का स्वागत तालियां बजाकर किया।

… और जनरल साहब ने बजाई ताली

मुरादनगर की जनसभा में पूर्व जिलाध्यक्ष अरविंद भारतीय ने भाषण में कहा कि अजीत पाल त्यागी पिछले चुनाव में 82 हजार वोटों से विजयी हुए थे, 2022 में वे एक लाख से ज्यादा मतों से विजयी होंगे। इस पर केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद जनरल वीके सिंह ने जोरदार ताली बजाकर अपना समर्थन दिया। इस दौरान मीडिया की निगाह जनरल वीके सिंह पर ही लगी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *