Dainik Athah

गाजियाबाद में भाजपा की जन विश्वास यात्रा ,मुख्यमंत्री योगी का भव्य रोड शो 25 को

उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा मुरादनगर, साहिबाबाद, लोनी में करेंगे जनसभा

गाजियाबाद में सैकड़ों स्थानों पर होगा मुख्यमंत्री योगी का स्वागत

दूधेश्वरनाथ मंदिर में पूजा करेंगे मुख्यमंत्री

भाजपा ने पूरे शहर को बनाया भगवामय

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा की जन विश्वास यात्रा के आगमन पर गाजियाबाद शहर के साथ ही पूरा जिला भगवामय हो गया है। यात्रा के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद शहर में रोड शो करेंगे। यह रोड शो भव्य होगा। मुख्यमंत्री के स्वागत में पूरा शहर भगवा रंग में रंगा नजर आयेगा।

बता दें कि भाजपा की जन विश्वास यात्रा सुबह नौ बजे मेरठ से मोदीनगर में प्रवेश करेगी। मोदीनगर में एक दर्जन स्थानों पर स्वागत के बाद यात्रा मुरादनगर के श्री हंस इंटर कालेज पहुंचेगी। यहां पर उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा के साथ ही केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, जनरल वीके सिंह समेत अनेक नेता जनसभा को संबोधित करेंगे। यहां से यात्रा लोनी के लिए रवाना होगी। लेकिन मुरादनगर में दुहाई तक आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर यात्रा का भव्य स्वागत होगा।
लोनी में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे लेकर साहिबाबाद तक यात्रा का दर्जनों स्थानों पर यात्रा का स्वागत होगा। लोनी में एक जनसभा का आयोजन भी किया जायेगा। इसके बाद साहिबाबाद के शनिचौक में विधायक सुनील शर्मा के नेतृत्व में विशाल जनसभा होगी। यहां से फिर स्वागत का दौर चलेगा जो गाजियाबाद शहर तक जारी रहेगा।

शाम पांच बजे से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रोड शो करेंगे। उनका रोड शो कालका गढ़ी चौक से प्रारंभ होकर दूधेश्वरनाथ मंदिर पर समाप्त होगा। जहां वे पूजा करेंगे। योगी के स्वागत के लिए भाजपा ने शहर को भगवामय बना दिया है। उनका स्वागत चौधरी मोड़ पर क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मयंक गोयल करेंगे। इसके साथ ही सैकड़ों स्थानों पर व्यापारी समेत हर समाज के लोग एवं भाजपा कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। पूरा शहर शाम पांच बजे से योगी के रोड शो मार्ग पर होगा।

रोड शो के लिए पुलिस एवं प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किये हैं। कदम कदम पर पुलिस की तैनाती होगी। इसके साथ ही छतों पर भी जवान तैनात किये जायेंगे। भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि ऐसा रोड शो आज तक गाजियाबाद में नहीं हुआ होगा। मुख्यमंत्री के इंतजार में पूरा शहर रहेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *