Dainik Athah

भाजपा जनविश्वास यात्रा: यूपी फतह के लिए निकले भाजपा के दिग्गज

प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेंगी

चार करोड़ लोगों से सीधा संपर्क करेंगे भाजपा पदाधिकारी

डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जनता से करेंगे साझा

अथाह ब्यूरो,
लखनऊ। मिशन 2022 के लिए उत्तर प्रदेश को फतह करने के लिए भाजपा की जनविश्वास यात्रा का रविवार को आगाज हुआ। यूपी में एक साथ 6 जगहों अंबेडकरनगर, मथुरा, बिजनौर, झांसी, बलिया और गाजीपुर से शुरू हुई है। अंबेडकरनगर से शुरू हुई जन विश्वास यात्रा को जहां माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया, तो मथुरा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने, झांसी में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने, बिजनौर में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने, बलिया में एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने और गाजीपुर में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जन विश्वास यात्रा को रवाना किया। जन विश्वास यात्रा 6 जगहों से शुरू होकर प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेंगी। इस यात्रा के दौरान प्रदेश के लगभग 4 करोड़ लोगों से सीधा संपर्क किया जाएगा और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जनता के साथ साझा किया जाएगा।

झांसी की वीर भूमि पर खिलौने नहीं, बल्कि मिसाइलें बनेंगी- राजनाथ सिंह

झांसी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी की जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोगों की आंखों में धूल झोंककर नहीं, बल्कि आंखों में आंखें डालकर राजनीति करती है। यही हमारा चरित्र है। भाजपा की सरकार बनने पर हम विकास भी करते हैं और विरासत को भी संभालने का काम करते हैं। भारत की आन, बान, शान के प्रतीक हमारे मंदिरों पर आक्रमण कर आताताइयों ने ध्वस्त कर दिया था, जबकि हम हमेशा से कहते थे कि भाजपा की सरकार बनने पर मंदिर खड़े होंगे। नरेंद्र मादी के प्रधानमंत्री बनने पर सोमनाथ के मंदिर का जीर्णोद्धार शुरू हुआ था।

ईश्वर की मर्जी से भाजपा सरकार में ही अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शुरू हुआ और अब जो भी काशी विश्वनाथ मंदिर का भव्य स्वरूप देख रहा है, उसकी छाती चौड़ी हो जा रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि झांसी की वीर भूमि पर खिलौने नहीं, बल्कि मिसाइलें बनेंगी। प्रधानमंत्री ने यहां डिफेंस कॉरिडोर की आधारशिला रखी है, जिसमें एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल बनाई जाएगी, जो हजारों किमी दूर बैठे दुश्मन को ध्वस्त कर देगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ ऑलराउंडर खिलाड़ी हैं। बल्लेबाजी तो वे करते ही हैं, गेंदबाजी में भी अच्छे-अच्छों के विकेट उड़ा देते हैं। योगी जी की इन स्विंग व आउट स्विंग गेंदों में कांग्रेस, सपा व बसपा आउट हो जाएंगी। इस दौरान उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां बताईं।

अब न पीड़ित हिन्दू न प्रताड़ित व्यापारी, पेशेवर माफिया कर रहे पलायन: सीएम योगी

अथाह संवाददाता
मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि बीते पौने पांच वर्षों में एक नए उत्तर प्रदेश का निर्माण हुआ है। यह नया यूपी एक ओर जहां अपने आस्था के मानबिन्दुओं का निर्माण कराएगा, वहीं अपराधी-माफियाओं पर बुलडोजर भी चलाएगा। उन्होंने कहा है कि 2017 के पहले हिन्दू पीड़ित था और व्यापारी प्रताड़ित। आज के यूपी में पेशेवर माफिया पलायन को मजबूर हो गए हैं।
रविवार को मथुरा में श्रीबांकेबिहारी जी के दर्शन-पूजन के बाद जन विश्वास यात्रा का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा है कि सपा, बसपा और कांग्रेस को दंगाइयों को गले लगाना, आतंकवादियों पर मुकदमे हटाना, विकास कार्यों में लूट-खसोट, गौ-तस्करों को प्रोत्साहन और आस्था के साथ खिलवाड़ करना पसंद है। ऐसे में जब आज मथुरा-वृंदावन को नगर निगम बनाया जा रहा, ब्रज तीर्थ विकास परिषद बन रहा, मुजफ्फरनगर के दंगाइयों पर कार्रवाई हो रही, 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की डबल डोज मिल रही तो इन संकुचित सोच वाली पार्टियों को कुछ नहीं सुहा रहा। उन्होंने कहा कि सपा शासन काल मे हुए जवाहर बाग और कोसीकलां दंगे की दु:खद घटना सभी को याद है। वर्तमान राज्य सरकार के पौने पांच वर्ष पूरे होने पर सभी को बधाई-आभार देते हुए उन्होंने कहा कि इन पौने पांच सालों में पूरे प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ।

उत्साह और उमंग से भरे लाखों की संख्या में उमड़े लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ धाम पुनरोद्धार, अयोध्या में जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण, विंध्यवासिनी धाम कॉरिडोर, मथुरा-वृंदावन को तीर्थ स्थल घोषित करने जैसे जन भावनाओं से जुड़े विषयों की चर्चा की और पूछा कि क्या सपा, बसपा अथवा कांग्रेस की सरकारों से ऐसा करने की उम्मीद की जा सकती थी..? इस पर लोगों ने उत्तर “नहीं” में दिया। सीएम ने कहा कि 2014 में मोदी सरकार बनने से पहले इन पार्टियों में टोपी पहनने की होड़ लगती थी। अयोध्या, काशी और मथुरा तो इनके लिए अछूत थी, आज यही लोग हमारे इन पावन स्थलों के चक्कर काटते नहीं थक रहे।

गरीब का घर बनना हमारे लिए रामराज्य

मुख्यमंत्री योगी ने कहा भाजपा ने जो कहा, वो किया। हमारे लिए गरीबों को मुफ्त मकान मिलना रामराज्य है, हर घर शौचालय की सुविधा रामराज्य है, हर गरीब को 05 लाख रुपये का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा कवर मिलना रामराज्य है। यह काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज हो रहा है। उन्होंने जनसमुदाय से कहा कि प्रयागराज में स्वच्छता कर्मियों के पैर धोना और काशी में शिव की पूजा के बाद श्रमिकों पर पुष्पवर्षा आजाद भारत की ऐतिहासिक घटना है। विपक्ष पर तंज करते हुए सीएम ने कहा आज तक दूसरे दलों के नेताओं के अपने माँ-बाप के पैर धुलते तो किसी ने देखा नहीं तो एक प्रधानमंत्री के ऐसा करने की कल्पना शायद ही किसी ने की हो। सच्चे अर्थों में यही स्वतंत्रता है। यही रामराज्य है।

एक झटके में कूड़े के ढेर में फेंक दिया अनुच्छेद 370

सीएम योगी ने कहा कि मथुरा हमारे दिग्दर्शक पंडित दीनदयाल जी की जन्मभूमि है। जनसंघ के संस्थापक काल से ही डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक देश में दो विधान-दो निशान-दो प्रधान का विरोध किया था। दशकों की प्रतीक्षा के बाद जब मोदी सरकार बनी तो प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने एक झटके में अनुच्छेद 370 को कूड़े के ढेर में फेंक दिया और इस तरह डॉ. मुखर्जी का संकल्प पूरा हुआ। हाल ही में आयकर की टीम द्वारा प्रदेश में कुछ बड़े घरानों पर की गई छापेमारी का संदर्भ देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयकर की छापेमारी से सपा नेताओं को बड़ी चिंता हो रही है। इन्हीं के शासनकाल में कुछ लोगों ने अवैध ढंग से अकूत दौलत कमाई की। मुख्यमंत्री योगी ने वृद्धवस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, प्रधान, रोजगार सेवक, आशा कार्यकत्रियों आदि के मानदेय में हुई ऐतिहासिक बढ़ोतरी जिक्र करते हुए प्रदेश के विकास में सभी के योगदान की सराहना भी की।

बता दें कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा रविवार को प्रदेश के छह स्थानों से जन विश्वास यात्रा शुरू की गई है। यह यात्रा बिजनौर, मथुरा, झांसी, अम्बेडकर नगर, बलिया और गाजीपुर से शुरू हुई। मथुरा धाम से शुरू हुई यात्रा का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। यात्रा शुभारंभ सभा में केंद्रीय मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पांडेय, संतोष गंगवार एवं एटा के सांसद राजवीर सिंह ह्यराजू भैयाह्य उपस्थित रहे। यात्रा मथुरा से अलीगढ़, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज, बदायूं, शाहजहांपुर, पीलीभीत होते हुए बरेली में समाप्त होगी।

सपा के माफिया राज को नहीं भूली है जनता- नड्डा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अंबेडकर नगर से जन विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अंबेडकर नगर से शुरू होने वाली अवध क्षेत्र की जन विश्वास यात्रा अयोध्या, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी होते हुए लखनऊ के काकोरी में समाप्त होगी। यात्रा के शुभारंभ पर श्री नड्डा ने कहा कि गैर भाजपाई पार्टियां वंशवाद, जातिवाद, परिवारवाद और संप्रदायवाद के दंश से ग्रसित है। आजकल लोग नए-नए नारे गढ़ कर नए-नए कलेवर में सामने आ रहे हैं। लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता सपा का कुशासन नहीं भूली है, सपा सरकार के समय का माफिया राज नहीं भूली है, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार नहीं भूली है।

पूरा उत्तर प्रदेश जानता है कि खनन माफिया, भू-माफिया और अपराधियों ने सपा सरकार के समय किस तरह पूरे प्रदेश को अपने गिरफ्त में ले लिया था। उन सभी माफियाओं और अपराधियों को जेल भेजने का और उत्तर प्रदेश की सीमा से बाहर खदेड़ने का काम योगी आदित्यनाथ ने किया है। भारतीय जनता पार्टी की योगी आदित्यनाथ सरकार ने उत्तर प्रदेश से माफियाओं और अपराधियों का सफाया किया है। अखिलेश यादव और उनकी समाजवादी पार्टी महिला सशक्तिकरण के खिलाफ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योगी सरकार ने विकास को जमीन पर उतारा है और प्रदेश के जन-जन तक पहुंचाया है। डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश में विकास की बहार आई है।

एक ओर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे और गंगा एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर हर जिले में मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने उत्तर प्रदेश की जनता का आह्वान करते हुए कहा कि ज़िंदा समाज वह होता है जो अच्छे काम करने वाले लोगों को शाबासी दें और काम न करने वाले लोगों को घर बिठाए। मुझे पूरा विश्वास है कि अवध की जनता काम न करने वाले लोगों को घर बिठाने का काम करेगी और विकास के प्रति समर्पित रहने वाली भारतीय जनता पार्टी की योगी आदित्यनाथ सरकार को पुनः भारी बहुमत से विजयी बनाएगी। कार्यक्रम में भाजपा के उत्तर प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, पंकज चौधरी, पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सत्या कुमार, अमरपाल मौर्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष शेषनारायण मिश्र, उत्तर प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक, जिला भाजपा प्रभारी विजय प्रताप सिंह एवं पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रमुख एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संजय मयूख भी उपस्थित थे।

दिल्ली से मेरठ की दूरी अब केवल 45 मिनट- गडकरी

बिजनौर। यूपी में रविवार को पश्चिम क्षेत्र की जनविश्वास यात्रा का शुभारम्भ चांदपुर विधानसभा के गुलाब सिंह डिग्री कालेज के मैदान से किया गया है। बीजेपी की जनविश्वास यात्रा का शुभारम्भ हरी झंडी दिखाकर मुख्य अतिथि केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने किया है। ये यात्रा पश्चिम यूपी के 14 जिलो में जाएगी । ये यात्रा बिजनौर से शुरू होकर अलग -अलग 14 जिलो जिनमे मुजफ्फरनगर, सहारनपुर,शामली, बागपत,मेरठ ,गाजियाबाद,गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर,हापुड़,अमरोहा,मुरादाबाद,संभल से होती हुई आगामी एक जनवरी को रामपुर पहुंचेगी। इस मौके पर केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने जनसभा को संबोधित करते हुए योगी सरकार के कामों की जमकर सराहना की है तो वही विपक्षी दलों पर भी जमकर हमला बोला है।

गडकरी ने कहा कि इस धरती को हम महात्मा विदुर की धरती के नाम से भी जानते हैं। अभी चुनाव के महाभारत की शुरुआत होने वाली है। पहले की सरकारों में सड़क गड्ढे में होती थी और इस सरकार में सड़कों का कायाकल्प हो चुका है। राष्ट्रीय राजमार्ग एक स्टेट से दूसरे स्टेट को जोड़ना है। दिल्ली से देहरादून नया रास्ता बना रहे अगले 2 सालों में, दिल्ली से देहरादून केवल 2 घंटे में पहुंच जाएंगे। दिल्ली से चंडीगढ़ 2 घंटे में दिल्ली से जयपुर, 2 घंटे में दिल्ली से अमृतसर 4 घंटे में, दिल्ली से कटरा 6 घंटे में और दिल्ली से श्रीनगर केवल 8 घंटे में पहुंच जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मेरठ हाईवे के पूजन के लिए आए थे, हमें साढ़े 4 घंटे लग गए थे। दिल्ली में हमने 16 लाइन का रोड बनाया है जो दिल्ली से मेरठ 16 लेन का रोड तक बना है। आप दिल्ली से मेरठ केवल 45 मिनट में पहुचोंगे, मैं यहां आपको वचन देता हूं। जनविश्वास रैली में क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा मोहित बेनीवाल, पश्चिम उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष एवं यात्रा के पश्चिम प्रभारी केके शुक्ला, क्षेत्रीय प्रवक्ता गजेंद्र शर्मा मौजूद रहे।

माफियाओं की छाती पर बुलडेजर चलता है तो सपा को दर्द होता है- ईरानी

केंद्रीय कैबिनेट मंत्री स्मृति ईरानी ने रविवार को गाजीपुर में भाजपा की जन विश्वास यात्रा को हरी झंडी दिखाई। लंका मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि माफियाओं की छाती पर बुलडोजर चलता है तो दर्द समाजवादी पार्टी को होता है। बुलडोजर की स्टेरिंग जनता के हाथ में है। जनता की इच्छा थी कि माफियाओं, गुंडों पर बुलडोजर चले। सपा मुखिया होते तो बुलडोजर की स्टेरिंग दूसरी ओर घुमा देते। चुनाव घोषित नहीं हुआ लेकिन सपा के लोगों का हाथ पुलिस वालों के गिरेबां तक पहुंचने लगा है। इनकी सरकार होती तो पता नहीं ये क्या करते। उन्होंने कहा कि भाजपा की जन विश्वास यात्रा सिर्फ 15 दिन की नहीं है।

यह योगी सरकार के पांच साल की विकास यात्रा है। यात्रा के दौरान विकास कार्यों की चर्चा करने के साथ लोगों को याद दिलाएंगे कि जब साइकिल और हाथ साथ में थे तो कैसे नौकरियों के लिए बेटे-बेटियों पर लाठी चार्ज होता था। खाद के लिए किसानों पर जुल्म होता था। गरीबों को लूटकर गुंडे और माफिया अपना आलीशान महल बनाते थे। कहा कि मोदी और योगी सरकार में आम जनता की चिंता की गई।

बबुआ ने पिता-चाचा को धोखा दिया- शिवराज सिंह

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बलिया में भाजपा की जनविश्वास यात्रा का शुभारंभ किया। जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव और कांग्रेस पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और दूसरे लोगों ने आजादी का इतिहास गलत पढ़ाया। बताया कि आजादी गांधी जी, नेहरू और इंदिरा ने दिलाई। हम भी गांधी जी को इंकार नहीं करते, लेकिन वे क्रांतिकारियों को भूल गए। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जो लोग हिंदुत्व को सांप्रदायिक बताते थे। आज उन्हें ही हिंदुत्व भाने लगा है। राहुल बाबा राम-राम जप रहे हैं।

जनेऊ पहन रहे हैं और त्रिपुंड लगा रहे हैं। प्रियंका गांधी गंगा स्नान कर रही हैं। ये भी कहा कि बबुआ की साइकिल भ्रष्टाचार और अन्याय से पंक्चर हो गई है। पंक्चर जोड़ने वाले सरकारी जेल में हैं। चौहान ने वंशवाद पर भी कांग्रेस और सपा को जमकर घेरा। कहा कांग्रेस में महत्वपूर्ण कुर्सी पर सिर्फ गांधी और सपा में सिर्फ यादव होते हैं। भाजपा में चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री है। भाजपा ने वंशवाद का नाश किया है। इसके साथ ही केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन की सरकार की याद दिलाते हुए सभी योजनाओं को गिनाया। अखिलेश यादव को बबुआ कहते हुए पिता मुलायम और चाचा शिवपाल को धोखा देने का आरोप लगाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *