Dainik Athah

सपा सरकार में माफियाओं को था संरक्षण: योगी

अथाह संवाददाता
मथुरा।
मुख्ययमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को अपने स्वार्थ के लिए बदनाम करने का काम किया। इन्होंने दंगे दिए विकास के नाम पर लूटखसोट कराई। विकास की परिभाषा प्रदेश नहीं परिवार हो गया था। बिजली देने में भेदभाव करते थे। कुछ जिलों को वीआईपी बना दिए गए बाकी 71 जिले टकटकी लगाकर देखते रहते थे। अपने लोगों को लाभान्वित कराने के लिए ऊलजुलूल योजनाएं बनाई जाती थीं।

सत्ता का संरक्षण माफियाओं को प्राप्त था। दंगों में व्यापारियों के प्रतिष्ठान जलाए जाते थे उन्हें प्रताड़ित किया जाता था झूठे मुकदमे दर्ज कराए जाते थे। हमारी सरकार ने अपराधियों को सत्ता का नहीं बल्कि जेल के दरवाजे खोल दिए हैं। कब्रिस्तान में खर्च होने वाले पैसे से अब तीर्थ स्थलों का विकास कराया जा रहा है। विकास परियोजनाओं को सभी समाज व जिलों तक पहुंचाया जा रहा है। मथुरा में 201.16 करोड़ की 196 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करने पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा समेत अन्य विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में कहा कि उत्तर प्रदेश में भारत की आत्मा निवास करती है। यह बाबा विश्वनाथ, राम, श्रीकृष्ण, मां गंगा-जमुना की भूमि है। समाजवादी पार्टी को कटघरे में खड़ा करते हुए उन्होंने कहा कि अपने स्वार्थ के लिए इस भूमि को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इन्होंने दंगे दिए विकास के नाम पर लूटखसोट की। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में सबसे पहले दंगा कोसीकला में ही हुआ था। इस दंगे में व्यापारियों के प्रतिष्ठानों को जलाया गया उन्हे प्रताड़ित किया गया, झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए।

सत्ता के गलियारों में माफियाओं को इस कदर संरक्षण दिया जाता था। उसका उदाहरण जवाहरबाग है। जिसमें एडीशनल एसपी की हत्या कर दी गई। यह सब वैसे ही हो रहा था जैसे कंस का अत्याचार होता था। पहले पेशेवर अपराधी और माफियाओं के लिए प्रदेश के अंदर सत्ता के द्वार खुले होते थे आज हमारी सरकार में अपराधियों के लिए जेल के द्वार खुले हैं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *