Dainik Athah

भाजपा परिवारवाद- वंशवाद- जातिवाद- संप्रदायवाद की राजनीति को समाप्त कर रही है: सुनील बंसल

भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने की क्षेत्रीय चुनाव प्रबंध समिति की बैठक

56 कार्यकर्ताओं को सौंपी चुनाव प्रबंधन की जिम्मेदारी

संगठन कार्य छोड़ चुनाव की तैयारियों में जुटे क्षेत्रीय पदाधिकारियों को दी चेतावनी

अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि भाजपा परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद और संप्रदायवाद की राजनीति को समाप्त कर रही है। उन्होंने बैठक में उन क्षेत्रीय पदाधिकारियों की क्लास भी ली जो संगठन से ज्यादा महत्व खुद के प्रचार एवं जनसंपर्क को दे रहे हैं।

सुनील बंसल शुक्रवार को भाजपा पश्चिम क्षेत्र की क्षेत्रीय चुनाव प्रबंधन समिति की आईटीएस कालेज मोहननगर में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री हरि ओम शर्मा ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश सह संगठन महामंत्री कर्मवीर, प्रदेश सह प्रभारी एवं सांसद संजय भाटिया क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने भारत माता एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय व पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया।

प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि क्षेत्रीय चुनाव प्रबंधन समिति के कंधों पर विधानसभा चुनाव संचालन की बड़ी जिम्मेदारी है। जिस व्यक्ति को चुनाव संचालन समिति में जो जिम्मेदारी दी गई है वह उस जिम्मेदारी को पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि 15 दिसंबर तक संचालन समिति की बैठक सप्ताह में एक बार होगी। 15 के बाद हर दूसरे दिन बैठक का आयोजन होगा। उन्होंने चुनाव से संबंधित 22 विभाग के 56 कार्यकतार्ओं को 2022 के विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी, जिसमें बूथ प्रबंधन, वोटर लिस्ट पुनरीक्षण, सदस्यता अभियान, यात्रा कार्यक्रम, प्रचार- प्रसार, विशेष कार्यक्रम अभियान, संगठनात्मक प्रवास, 6.5 करोड़ लाभार्थी संपर्क योजना कार्यक्रम, संपर्क अभियान, स्वच्छता अभियान, मोर्चां के सम्मेलन, समाजिक संपर्क अभियान आदि विभिन्न कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी दी।

सुनील बंसल ने कहा कि पार्टी बहुत ही त्याग-तपस्या एवं बलिदान देकर आज यहां तक पहुंची है। भाजपा परिवारवाद, वंशवाद, जातिवाद और साम्प्रदायवाद की राजनीति को समाप्त कर रही है सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास के नारे के साथ राष्ट्र सर्वोपरि है। भाजपा एक विचारधारा हैं। हम विचारधारा के लिए काम करते हैं ताकि पंक्ति के अंतिम व्यक्ति को न्याय एवं सम्मान मिल सके। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विधानसभा चुनाव तक सभी पदाधिकारी अपने कामों को भूल कर केवल चुनाव व संगठन के कामों में जुट जायें।

बैठक में विकास अग्रवाल, हरीश ठाकुर, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष केके शुक्ला, मयंक गोयल, विजेंद्र, मानसिंह गोस्वामी, हरेंद्र जाटव, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष विजेंद्र अग्रवाल, सह कोषाध्यक्ष हिमांशु मित्तल, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा, निमित जायसवाल, इंद्रपाल प्रजापति, कविता खटीक, सुरेश जैन ऋतुराज समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

संगठन का काम छोड़ खुद के चुनाव प्रबंधन में लगने वालों के प्रति जताई नाराजगी

संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने इस दौरान संगठन का काम छोड़कर जनसंपर्क एवं खुद के प्रचार में लगे दो पदाधिकारियों हरीश ठाकुर एवं अंकुर राणा को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव प्रचार करना है तो आप लोग स्पष्ट कर दें। आप लोगों की जिम्मेदारी किसी अन्य को दे दी जायेगी। चुनाव संचालन समिति में भी बदलाव कर दिया जायेगा। बताया जाता है कि हरीश ठाकुर के पास सबसे महत्वपूर्ण बूथ प्रबंधन की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *