Dainik Athah

परिवर्तन के बाद अब विजय यात्रा पर निकलेगी भाजपा

चार विजय यात्राओं के माध्यम से प्रदेश में माहौल बदलेगी भाजपा

15 दिसंबर से प्रदेश के चार हिस्सों से शुरू होगी विजय यात्राएं

हर यात्रा में उस क्षेत्र का प्रमुख नेता एवं केंद्रीय मंत्री होंगे शामिल

सभी यात्राओं का समापन होगा लखनऊ में

अशोक ओझा
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपनी तैयारियां तेज करनी शुरू कर दी है। 2017 के विधानसभा चुनाव से पूर्व पार्टी ने पूरे प्रदेश में परिवर्तन यात्राओं के माध्यम से अपने पक्ष में माहौल बनाया था। इस बार परिवर्तन के स्थान पर विजय यात्रा निकालने की योजना प्रदेश स्तर पर तैयार की गई है। विजय यात्रा के माध्यम से प्रदेश की सभी विधानसभाओं में यात्रा जायेगी।

भाजपा विधानसभा चुनाव में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। यहीं कारण है कि प्रदेश में चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले पार्टी अपने पक्ष में माहौल तैयार कर लेना चाहती है। यहीं कारण है कि 15 दिसंबर से पूरे प्रदेश में विजय यात्रा की रूपरेखा तैयार की गई है। प्रदेश में इसके लिए सभी क्षेत्रों को तैयारियां तेज करने का निर्देश दिया गया है। जिस क्षेत्र में पार्टी की यात्रा निकलेगी उस क्षेत्र के कद्दावर नेता के साथ ही राष्ट्रीय स्तर से कोई बड़ा चेहरा अथवा राष्ट्रीय पदाधिकारी भी इन यात्राओं में शामिल रहेंगे। यात्रा की सफलता के लिए 24 व 25 नवंबर को लखनऊ में पूरे प्रदेश के क्षेत्रीय एवं जिला प्रभारियों की बैठक बुलाई गई है जिसमें यात्रा के संबंध में संपूर्ण जानकारी दी जायेगी।

यदि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बात करें तो 2017 में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की यात्रा में मुजफ्फरनगर के सांसद संजीव बालियान पूरे समय रहे थे। उनके साथ राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह यात्रा में रहे थे। इसी प्रकार इस बार भी संजीव बालियान एवं प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश राणा के साथ राष्ट्रीय स्तर के कौन नेता रहेंगे यह तय होना शेष है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विजय यात्रा के प्रभारी बनाये गये क्षेत्रीय उपाध्यक्ष केके शुक्ला ने कहा कि पश्चिम के सभी जिलों में विजय यात्रा के प्रभारी बनाये जा रहे हैं। इसके लिए सभी जिला व महानगर अध्यक्षों से जिला प्रभारी के नाम मांगे गये हैं।

केके शुक्ला ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व ने तय किया है कि एक यात्रा पश्चिम में सहारनपुर से, दूसरी पूर्व की मिर्जापुर, बृज प्रदेश की मथुरा से शुरू होगी। यात्रा की सफलता के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई है। प्रदेशस्तरीय बैठक के बाद यात्रा का रूट एवं कौन कौन नेता यात्रा में रहेंगे तय हो जायेगा। यात्रा से हर विधानसभा को जोड़ा जायेगा। भाजपा सूत्रों के अनुसार विजय यात्रा के माध्यम से भाजपा विपक्ष को अपनी ताकत भी दिखायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *