Dainik Athah

विस चुनाव से पूर्व पश्चिम को मथने की तैयारी – संघ- भाजपा समन्वय बैठक में कसे जायेंगे पेंच

मेरठ में होगी समन्वय समिति की बैेठक


अशोक ओझा
गाजियाबाद। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा व संघ ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश को मथने की तैयारी कर ली है। एक वृहद बैठक में संघ एवं भाजपा के पदाधिकारियों को अब स्पष्ट निर्देश देने की तैयारी कर ली गई है। संघ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही भाजपा के प्रदेश एवं राष्टÑीय स्तर के बड़Þे नेता भी इस बैठक में भाग लेंगे।

बता दें कि भाजपा- संघ के बीच समन्वयक की जिम्मेदारी संघ के अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख आलोक कुमार को दी गई है। आलोक कुमार पूर्व में पश्चिम के साथ ही करीब करीब समूचे उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी उठा चुके हैं। शायद यहीं कारण है कि उन्हें उप्र में समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समन्वयक की जिम्मेदारी मिलने के बाद आलोक कुमार संघ एवं भाजपा की पश्चिमी उत्तर प्रदेश की बैठक रविवार को लेंगे। इस बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिला व महानगर अध्यक्षों के साथ ही जिला प्रभारियों, क्षेत्रीय पदाधिकारियों, संघ के जिला से लेकर विभाग एवं प्रदेश स्तर के वरिष्ठ प्रचारकों को भी बैठक में बुलाया गया है। इस बैठक में कुल 120 लोग रहेंगे।

भाजपा सूत्रों के अनुसार बैठक में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष के साथ ही प्रदेश के सह संगठन महामंत्री भी मौजूद रहेंगे। इतना ही नहीं भाजपा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी जेपीएस राठौर मौजूद रहेंगे। सूत्र बताते हैं कि प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल भी बैठक में भाग ले सकते हैं। इस बैठक में भाजपा पदाधिकारियों के जहां पेंच कसे जायेंगे, वहीं दूसरी तरफ संघ के प्रचारकों से भी फीड बैक लिया जायेगा कि किस क्षेत्र में पार्टी की स्थिति क्या है, कहां गड़बड़ी हो रही है। इसके साथ ही चुनाव के मद्देनजर बेहतर समन्वय के निर्देश भी संघ एवं भाजपा पदाधिकारियों को दिये जायेंगे।

इससे पूर्व 12 नवंबर को वाराणसी में होने वाली प्रदेश कार्य समिति की बैेठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मार्ग दर्शन पदाधिकारियों को प्राप्त होगा। जिस प्रकार की बैठक मेरठ में है उसको लेकर पार्टी पदाधिकारियों ने अभी से तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने होम वर्क करना भी शुरू कर दिया है।
——————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *