Dainik Athah

सपा प्रमुख को अपना नाम अखिलेश अली जिन्ना रख लेना चाहिये: मौर्य

भाजपा की पश्चिम क्षेत्र बैठक का आयोजन

पलायन कराने वाले खुद पलायन कर गये

44 लाख कार्यकर्ताओं के घरों पर भेजे जायेंगे दीपक- तोरण द्वार: सुनील बंसल


अथाह संवाददाता
हापुड़।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जिन्ना विवाद को लेकर सपा प्रमुख एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर हमला करते हुए कहा कि उन्हें अपना नाम अखिलेश अली जिन्ना रख लेना चाहिये। इसके साथ ही समाजवादी पार्टी का नाम नमाजवादी पार्टी कर देना चाहिये।

मौर्या सोमवार को हापुड़ में भारतीय जनता पार्टी पश्चिम क्षेत्र की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में पश्चिम क्षेत्र के समस्त 330 मंडल अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी, 19 जिलों के जिलाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी, पश्चिम क्षेत्र की 71 विधानसभाओं के प्रभारी, क्षेत्रीय पदाधिकारी, सभी मोर्चों के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं सोशल मीडिया के संयोजक उपस्थित थे। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल व संचालन महामंत्री हरिओम शर्मा ने किया।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हम विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। आपकी शक्ति हनुमान जी की तरह है। उत्तर प्रदेश में 2017 तक अराजकता, माफिया गिरी, महिला अत्याचार, दंगे और हिंदुओं का पलायन कराने वाली सरकार थी। पुलिस भी पश्चिम उत्तर प्रदेश में सुरक्षित नहीं थी। 2017 में आपने कमल खिलाया और जनता लिए कवच तैयार हो गया। आप कार्यकतार्ओं ने 2017 में जो परिणाम दिये 2022 में भी वहीं परिणाम देने में सक्षम हैं। उन्होंने कहा सौ फीसद वोटों में से 60 हमारा है 40 में बटवारा है और उसमें भी हमारा है।

उन्होंने कहा 2017 से पहले समाजवादी सरकार ने उत्तर प्रदेश को दंगा प्रदेश बना दिया था। अब किसी गुंडे की हिम्मत नहीं है कि वह दंगा करा सके या पलायन करा सके। पलायन कराने वाले खुद पलायन कर गए हैं। गुंडे यादव जेल में है या प्रदेश से भाग गए हैं। चुनाव अन्य प्रदेशों में भी हो रहे हैं मगर सारी शक्तियां उत्तर प्रदेश में लगी हुई है। उन्होंने कहा यह किसान आंदोलन नहीं, चुनाव आंदोलन है। यदि सारे दल पहले की तरह मिल भी जाएंगे तो भाजपा फिर एक बार विजयश्री प्राप्त करेगी। 2014 और 17 के चुनाव के बाद से प्रियंका वाड्रा, राहुल और अखिलेश मंदिर- मंदिर घूम रहे हैं। यह चुनावी हिंदू हैं। उन्होंने पूछा आम दिनों में इन्हें कभी मंदिर जाते देखा है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव देश के दुश्मनों की तुलना देश के शहीदों और महापुरुषों से करते हैं। उन्होंने कहा वे अपना नाम क्यों नहीं अखिलेश अली जिन्ना रख लेते, अपनी समाजवादी पार्टी का नाम भी नमाजवादी पार्टी रख लेना चाहिए। तुष्टिकरण करने वालों से सावधान रहना होगा, हमने सबका साथ, सबका विकास बिना भेदभाव के किया। सबको सतर्क रहना होगा। वह बांटने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा 2014 में मोदी की सरकार बनवाते ही आपने राम मंदिर का मार्ग प्रशस्त कर दिया था। आज उत्तर प्रदेश विकास के पथ पर सुशासन के पथ पर आगे बढ़ रहा है। अब 2022 की असली परीक्षा में 100 दिन है। मुहर लगाकर कमल खिलाना है। यह वर्तमान नहीं भविष्य का भी चुनाव है।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि सर्वप्रथम हमने बूथ से लेकर प्रदेश तक का गठन किया। हमारे पास पूरे प्रदेश में 4400000 कार्यकर्ता हैं जिन्हें हम प्रदेश के13 करोड़ मतदाताओं तक संपर्क के लिए ले जाएंगे। उन्होंने कहा हमारा सदस्यता अभियान 25 दिसंबर अटल जी की जयंती तक चलता रहेगा। मात्र दो दिन में पूरे प्रदेश में नये 3.5 लाख सदस्य बने हैं। सभी जनप्रतिनिधि शिविर लगाकर सदस्य बनाएंगे। मोर्चे और प्रकोष्ठ अपने से संबंधित क्षेत्र में सदस्य बनाएंगे। सर्वव्यापी बनाते हुए सदस्यता को पूरा करना है। हर बूथ पर 100 नए सदस्य बनाने हैं। मंडल अध्यक्ष और मंडल प्रभारी बूथ समिति के द्वारा इस कार्य को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा हमारे पुराने ढाई करोड़ सदस्य हैं जिसमें हमें 1.5 करोड़ सदस्य और जोड़ने हैं। दीपावली पर 4400000 कार्यकतार्ओं के घरों पर तोरण द्वार और दीपक भेजे जा रहे हैं।

प्रदेश प्रभारी एवं राष्टÑीय उपाध्यक्ष राधा मोहन सिंह ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश पहले प्रश्नों का प्रदेश था। भ्रष्टाचार और माफिया गिरी का बोलबाला था। योगी सरकार बनने के बाद हमने उन्हें जवाब दिया। दिल्ली और उत्तर प्रदेश के दोनों राजकुमारों को यह स्पष्ट चित्र नहीं दिखाई दे रहा है। पैदा होते ही चांदी की चम्मच से दूध पीने वाले दोनों राजकुमार किसान सम्मान निधि का उपहास उड़ाते हैं। करुणा काल में हमने सेवा का कार्य किया है सभी विपक्षी दल संकट के समय क्वारनीन थे आज जरूरत है योगी को फिर से मुख्यमंत्री बनने की जिससे कि प्रदेश के विकास की गति रुकने ना पाये।

बैठक में प्रदेश सह प्रभारी कैप्टन अभिमन्यु, संजय भाटिया, प्रदेश सह संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी जेपीएस राठौर, प्रदेश उपाध्यक्ष सतपाल सैनी, सुनीता दयाल, प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन, क्षेत्रीय महामंत्री डा. विकास अग्रवाल, हरीश ठाकुर, मयंक गोयल, केके शर्मा, इंद्रपाल प्रजापति, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा, गाजियाबाद जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, हापुड़ जिलाध्यक्ष उमेश राणा, हापुड़ नगर पालिका चेयरमैन प्रफुल्ल सारस्वत, मेरठ जिलाध्यक्ष विमल शर्मा, रामपुर जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, अभय प्रताप सिंह, क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष विजेंद्र अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *