Dainik Athah

आज सपा में शामिल होंगे पउप्र के दर्जनों कांग्रेसी!

कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं में मची भगदड़

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव, एनएसयूआई के पदाधिकारियों समेत अनेक कार्यकर्ताओं ने दिया इस्तीफा

अशोक ओझा
गाजियाबाद।
आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस में भगदड़ मच गई है। कांग्रेस के गाजियाबाद एवं हापुड़ जिले के आधा दर्जन पदाधिकारियों ने अपने पदों से त्याग पत्र दे दिया है। शुक्रवार को पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक एवं पूर्व विधायक पंकज मलिक समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी में शामिल होंगे। सभी कांग्रेसी लखनऊ रवाना हो चुके हैं।

बता दें कि पिछले दिनों हरेंंद्र मलिक एवं पंकज मलिक ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से त्याग पत्र दे दिया था। इसके बाद शुक्रवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव जयंत त्यागी, राष्टÑीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के पश्चिमी उत्तर प्रदेश सचिव सन्नी पांचाल, जिला कांग्रेस कमेटी हापुड़ की उपाध्यक्ष राधिका कैम शर्मा, उप्र युवा कांग्रेस पश्चिमी उत्तर प्रदेश के को कोर्डिनेटर डा. ललित शर्मा, एनएसयूआई हापुड़ के जिलाध्यक्ष सलमान राणा, हापुड़ जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष जुबैर अली टाटा, एनएसयूआई गाजियाबाद के जिलाध्यक्ष निजाम चौधरी, एनएसयूआई के प्रदेश सचिव साजिद अली, हापुड़ के जिला कांग्रेस महासचिव मनोज कौशिक ने अपने पदों से त्याग पत्र दे दिये हैं।

विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ये सभी कांग्रेसी शुक्रवार को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में पार्टी के राष्टÑीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की उपस्थिति में सपा में शामिल होने की घोषणा करेंगे। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार जल्द ही बड़ी संख्या में अन्य कांग्रेसी भी पार्टी से त्याग पत्र देने की तैयारी में जुटे हैं। इसको लेकर कांग्रेस में चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *