Dainik Athah

भाजपा ने किसान की आय दुगनी करने के बजाय महंगाई दोगुनी कर दी- अखिलेश यादव

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की ओर देख रही है। भाजपा ने किसानों से झूठे वादे किए, संकट में प्रदेश की जनता को अनाथ छोड़ दिया। किसान की आय दुगनी करने के बजाय महंगाई दोगुनी कर दी। भाजपा छल-कपट के दल-दल में झूठ के फूल खिला रही है। समाजवादी पार्टी का सीधा निशाना भाजपा को हराने पर है। इस बार 400 से भी ज्यादा सीटों पर समाजवादी पार्टी की जीत तय है। यह बात भाजपा को भी पता चल गई है।

अखिलेश यादव ने प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में भेद-भाव, बेरोजगारी, अन्याय, अत्याचार, बहुत बढ़ गया है। ऐसा अन्याय उत्पीड़न आज तक कभी नहीं हुआ। भाजपा ने अपना चुनाव घोषणा पत्र में किया वादा पूरा नहीं किया। आज किसानों को धान की कीमत नहीं मिल रही है। किसानों को मजबूरी में धान जलाना पड़ रहा हैं। सरकार ने समय रहते खाद नहीं खरीदा। खाद के लिए किसान की जान चली गयी। डीजल-पेट्रोल रसोईगैस के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। महंगाई बहुत बढ़ गई है। भाजपा सरकार बताए की डीजल-पेट्रोल का मुनाफा किसकी जेब में जा रहा है ?

अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आता देख भाजपा सरकार उद्घाटन करने में जुट गई है। जौनपुर में बन रहे मेडिकल काॅलेज का काम भाजपा सरकार ने साढ़े चार साल में पूरा नहीं होने दिया। गरीबों को कैंसर का इलाज नहीं होने दिया। बदायूं, आजमगढ़, सहारनपुर, बांदा, केजीएमयू, डाॅ0 राममनोहर लोहिया संस्थान का बजट घटा दिया। इस सरकार ने स्वास्थ्य का ढांचा ध्वस्त कर दिया।

इसी तरह से शिक्षा का ढांचा ध्वस्त हो गया। आज स्कूलों में पढ़ाई नहीं हो पा रही है। गन्ना किसानों का आज भी बकाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र पर भरोसा है। जनता जानती है कि सपा सरकार घोषणा पत्र के वादे पूरे करने के अलावा घोषणा पत्र के वादों से भी ज्यादा काम करती है। लखनऊ में मेट्रो, आई.टी. सिटी और नोएडा में सैमसंग के प्लांट इसके उदाहरण हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *