Dainik Athah

दिन ढलने के साथ ही थम जाते हैं वाहनों के पहिये

राजनगर एक्सटेंशन- हापुड़ चुंगी रोड

कई- कई किमी लंबा लगता है जाम, एंबुलेंस में तड़पते रहते हैं मरीज

यातायात पुलिस- प्रशासन- नगर निगम जाम से बेपरवाह

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
राजनगर एक्सटेंशन से गाजियाबाद को शहर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग शाम होते ही वाहनों के दबाव के चलते पूरी तरह से जाम हो जाता है। लेकिन पुलिस, प्रशासन, नगर निगम एवं जीडीए अधिकारियों का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। हालत यह है कि इसी मार्ग पर संयुक्त अस्पताल एवं ट्रामा सेंटर तथा संजयनगर का यशोदा अस्पताल भी स्थित है।

प्रति दिन गाजियाबाद से हजारों लोग दिल्ली जाते हैं तथा शाम के समय अपने वाहनों से वापस आते हैं। राजनगर एक्सटेंशन चौराहे के बाद जैसे ही वाहन संजयनगर कट पर पहुंंचते हैं तो वहां पर एकाएक जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है।

हालत यह है कि हापुड़ चुंगी की तरफ से आने वाले वाहनों को संजयनगर की तरफ मुड़ना होता है, वहीं संजयनगर से बड़ी संख्या में वाहन इस मार्ग पर आने के साथ ही मुख्य मार्ग पर वाहनों के थमने शुरू हो जाते हैं।

इसका परिणाम यह होता है कि सड़क पर दो से तीन किलो मीटर लंबा जाम लग जाता है। जब जाम बेकाबू होता है तथा जाम में फंसने वाले लोग पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस कंट्रोल रूम फोन करते हैं तब जाकर स्थिति पर नियंत्रण पाना शुरू होता है।

अस्पतालों के कारण आये दिन जाम में फंसती है एंबुलेंस

इसी मार्ग पर संयुक्त अस्पताल एवं ट्रामा सेंटर के साथ ही यशोदा अस्पताल की ब्रांच भी है। इसके साथ ही शहर के अन्य अस्पतालों के लिए जाने वाली एंबुलेंस भी इसी मार्ग से गंतव्य को पहुंचती है। जाम लगने की स्थिति में कभी ऐसा न हो कि मरीज की जान एंबुलेंस में ही निकल जाये। बुधवार को शाम तो एक साथ दो एंबुलेंस जाम में फंसी हुई थी।

पिछले कई दिनों से हो रही जाम की स्थिति

इस मार्ग पर जाम की यह स्थिति पिछले कई दिनों से हो रही है। बताया जाता है कि दो दिन पहले तो खुद एडीएम सिटी भी इस जाम में फंस गये। इसके साथ ही अन्य प्रशासनिक अधिकारी तो आये दिन जाम में फंसते है।

नगर निगम कार्यकारिणी में भी उठ चुका है मुद्दा

राजनगर एक्सटेंशन से हापुड़ चुंगी मार्ग पर जाम लगने का मुद्दा पिछले दिनों नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में जोरशोर से उठा था। लेकिन अब तक निगम प्रशासन इस मामले में अब तक चुप्पी साधे हुए हैं।

पुल के बाद संजयनगर कट शुरूआती कट है जिस कारण यहां पर जाम लगता है। जाम की समस्या के समाधान के लिए कट बंद कर यू टर्न का प्रस्ताव बनाकर नगर निगम को भेजा जायेगा जिससे जाम की समस्या का समाधान हो सकेगा।
सुभाष चंद गंगवार, पुलिस अधीक्षक यातायात गाजियाबाद

राजनगर एक्सटेंशन से हापुड़ चुंगी आने वाले मार्ग पर अमूमन शाम के समय भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है यह सही है। इस मामले में एसपी यातायात से बात कर समस्या का समाधान किया जायेगा। यदि यू टर्न से समस्या का समाधान हो सकेगा तो इस पर काम किया जायेगा।
विपिन कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर गाजियाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *