Dainik Athah

पहले भाजपा सरकार फेंकू थी, अब बेचू भी हो गई: अखिलेश यादव

हमीरपुर पहुंची सपा की विजय रथ यात्रा

सपा प्रमुख की रथ यात्रा में उमड़ रहा जन सैलाब

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने समाजवादी विजय यात्रा के दूसरे दिन हमीरपुर के कुरारा में मीडिया से वार्ता की और जनसभा को संबोधित किया। कालपी में भी एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया।

यहां महान दल द्वारा सम्मान रैली का आयोजन ठक्कर बाबा इन्टर कालेज मैदान में किया गया। रास्ते में जगह-जगह उनका भव्य स्वागत हुआ। हमीरपुर डाक बंगले में उनसे बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकतार्ओं और नेताओं ने मुलाकात की। विजय यात्रा को लेकर लोगों में भारी उत्साह दिखाई पड़ा।

बुधवार को अखिलेश यादव ने कालपी की विशाल जनसभा में कहा कि महानदल के साथ कासगंज में जो संघर्ष शुरू किया वह कालपी तक दिखाई दे रहा है। महान दल के लोग भी किसान है और किसानों की समस्याओं से परिचित हैं। उन्होंने कहा पहले भाजपा सरकार फेंकू थी अब बेंचू सरकार भी हो गई है।

उन्होंने कहा सपा के साथ संघर्ष में बसपा-कांग्रेस के जो तमाम नेता शामिल हुए है उनका धन्यवाद। उन्होंने कहा कि समाजवादी विजय रथ यात्रा भाजपा के सफाये के लिए 2022 तक चलती रहेगी। महान दल के अध्यक्ष केशव देव मौर्य ने सपा को जिताने और भाजपा के सफाये का संकल्प जताया है। आज की महान दल की रैली में कार्यकतार्ओं का जो उत्साह दिखा वह अभूतपूर्व है।

अखिलेश यादव ने जनसभाओं में घोषणा की कि समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर युवाओं को नौकरी और रोजगार देने का इंतजाम करेंगे। बुंदेलखंड में पानी का इंतजाम करेंगे जिससे किसान दो फसल ले पाए। किसानों के लिए मंडी बनाएंगे। बुंदेलखंड में सरसों, तिल पैदा कर सकते हैं। सपा सरकार यहीं पर फैक्ट्री लगाएगी।

पहले माताओं-बहनों को समाजवादी पेंशन पांच सौ रुपये दी गई थी अब सरकार बनने पर तीन गुना मदद करेंगे। माताओं-बहनों का सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा बुंदेलखंड की गरीब जनता को धोखा दे रही है। इन्होंने किसानों, नौजवानों, गाय, गंगा मैया सबको धोखा दिया है। साढ़े चार साल में सड़कों के गड्ढे नहीं भर पाए।

जनता को धोखा देने वाली भाजपा सरकार को हटाने पर ही जनता खुशहाल होगी और प्रदेश की तरक्की होगी। इस बार बुन्देलखण्ड की जनता ने भी तय कर लिया है कि वह वोटो का बुलडोजर भाजपा पर चलाएगी।

यादव ने सभी से भाजपा को हटाने का आव्हान करते हुए कहा कि भाजपा महंगाई बढ़ाकर मुनाफा कमा रही है। अपने समर्थक बड़े-बड़े लोगों को लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि सबको पता है कि डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के दाम बढ़ गए हैं लेकिन भाजपा को ही नहीं पता है।

भाजपा अपने उद्योगपतियों के लाभ पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उद्योग, कारखाने के लिए काम नहीं होगा तो रोजगार नहीं मिलेगा। उन्होंने लोगों से भाजपा से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि जो लोग 100 को 112 कर सकते हैं।

उद्घाटन का उद्घाटन और शिलान्यास का शिलान्यास करने वाले है। यह सरकारी संपत्तियों को बेचने वाली सरकार हैं। इन्होंने हवाई जहाज और एयरपोर्ट बेच दिए। सरकारी संस्थाएं बेच दी। अंग्रेजों ने एक कानून से कम्पनी को सरकार बना दी। भाजपा सरकारी चीजों को कम्पनियों के हाथों बेंच रही है। सब बिक जाएगा तो दलितों-पिछड़ों को आरक्षण कैसे मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *