Dainik Athah

अखिलेश यादव ने शुरू की समाजवादी रथ यात्रा

यात्रा गंगा- जमुनी तहजीब को बचाने, उप्र के नव निर्माण के लिए: अखिलेश

गंगा से लेकर यमुना तक यह विजय रथ चलेगी

भाजपा राज में भ्रष्टाचार का बोलबाला, पेट्रोल-डीजल-रसोई गैस और खाद, कीटनाशक के दाम आसमान चढ़ गए

अथाह ब्यूरो,
कानपुर।
समाजवादी विजय रथ यात्रा के साथ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कानपुर के गंगाघाट से चुनाव अभियान की शुरूआत कर दी। नोटबंदी में पैदा हुए खजांची ने समाजवादी विजय रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

लाल टोपी लगाए कार्यकतार्ओं और नेताओं के समूह से गंगाघाट लालरंग से रंग गया और समाजवादी पार्टी के हरे लाल रंग के लहराते झंडों से वातावरण में इंद्रधनुषी रंग बिखरते दिखाई पड़ रहे थे। उनका नौबस्ता, नेवेली लिग्नाइट बिजली घर पर भव्य स्वागत हुआ।

बुधवार को विजय रथ यात्रा के प्रारंभ पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह यात्रा गंगा-जमुनी तहजीब को बचाने और उत्तर प्रदेश के नवनिर्माण के लिए है। उत्तर प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाना है। यह तहजीब ही हमारी पहचान है। सभी धर्म के लोग प्रेमभाव से रहें उसको मजबूती देने के लिए यह यात्रा है। उन्होंने कहा गंगा से लेकर यमुना तक यह विजय रथ चलेगा। इसके पहले चरण में यह चार जिलों कानपुर शहर, कानपुर देहात, हमीरपुर, जालौन तक यात्रा जाएगी। समाजवादी विजय रथ यात्रा किसानों, नौजवानों के हक और सम्मान के लिए निकली है।

घाटमपुर में नेवेली लिग्नाइट बिजली घर के पास आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। कालाधन वापस नहीं आया, महंगाई थमी नहीं। पेट्रोल-डीजल-रसोई गैस और खाद, कीटनाशक के दाम आसमान चढ़ गए। किसान, गरीब, नौजवान सभी दु:खी है। यह सरकार गरीबों का हक छीन रही है। रोजी-रोजगार की उम्मीदें टूट गई हैं। भाजपा सरकार राष्ट्रीय संपत्तियां बेचने में लगी है। आरक्षण खत्म किये जाने की साजिश है।

यादव ने कहा समाजवादी सरकार बनने पर किसानों को बिजली फ्री में भी दे सकते हैं। सिंचाई मुफ्त होगी। जनता की सुविधा के लिए सपा सरकार ने एम्बूलेंस सेवा 108, 102 शुरू की थी। अपराधों पर नियंत्रण के लिए 100 व महिला सुरक्षा के लिए 1090 डायल सेवाएं शुरू की थी, इनका विस्तार होगा।

उन्होंने कहा कि नेवेली लिग्नाहट बिजली घर सपा सरकार में बना यदि इसे पूरा कर दिया गया होता तो यहां प्रदेश में उजाला के साथ देश के अन्य भागों को भी बिजली मिलती। भाजपा सरकार साढ़े चार साल में भी उसे पूरा नहीं कर पाई। सपा सरकार आने पर हम ही उद्घाटन करेंगे।

अखिलेश ने कहा कि जनता में जो उत्साह दिख रहा है उससे लग रहा समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी। दुबारा भाजपा सरकार नहीं आएगी। बाबा, बुल और बुलडोजर सभी जाएंगे। हम 400 से ज्यादा सीटें जीतेंगे। उन्होंने कहा किसानों-नौजवानों, व्यापारियों, पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों की भी यह जीत होगी।

उन्होंने कहा कानपुर में रथ पर सवार होने से पहले पत्रकारों से वार्ता में कहा कि यह प्रदेश किसानों का है लेकिन किसान यहां सबसे ज्यादा अपमानित और पीड़ित है। उनसे कहा गया था कि आय दुगनी होगी परन्तु वह भी छीन ली गई। धान खड़ा हुआ है, उसकी कीमत नहीं मिल रही है। किसानों को लखीमपुरखीरी में गाड़ियों से कुचल दिया गया। अगर भाजपा को नहीं हटाया गया तो यह उन्हें टायरों से संविधान को कुचल देंगे।

अखिलेश यादव ने कानपुर से विजय रथ यात्रा की शुरूआत के सम्बंध में कहा कि कानपुर औद्योगिक नगरी है। भाजपा राज में उद्योग बर्बाद है। जनता भाजपा के कुशासन, अन्याय, अत्याचार से पीड़ित है। भाजपा से उत्तर प्रदेश को धोखा मिला है। किसान अपमानित हुआ है। नौजवान की नौकरी, रोजगार छिन गया है, महंगाई बढ़ी है। इसलिए समाजवादी विजय रथ से जनता के बीच जा रहे हैं, जिससे उत्तर प्रदेश से भारतीय जनता पार्टी का सफाया हो जाएगा।

ये भी रहे उपस्थित

गंगा घाट पर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, सांसद विशंभर प्रसाद निषाद तथा आनंद भदौरिया, संजय लाठर, उदयवीर सिंह, सुनील सिंह साजन, डा. राजपाल कश्यप, राजेश यादव एमएलसीगण, प्रदेश अध्यक्ष छात्र सभा दिग्विजय सिंह देव एवं कानपुर के विधायक इरफान सोलंकी, अमिताभ बाजपेयी के अतिरिक्त सुरेन्द्र मोहन अग्रवाल, कानपुर महानगर अध्यक्ष डा. इमरान भी उपस्थित थे।

सड़कों पर उमड़ा सैलाब

मंगलवार को अखिलेश यादव के स्वागत में ऐसा लगा कि पूरा कानपुर उमड़ आया। सड़क के दोनों किनारों पर बच्चे-बूढ़े, जवान और महिलाएं खड़े, होकर उनका अभिनंदन कर रही थी। श्रमिक भी बड़ी संख्या में आए थे। उनके जिंदाबाद के नारों से माहौल गूंज रहा था। कार्यकतार्ओं में उत्साह हिलोरें मारने लगा। उन्होंने रथ पर सवार होते समय सभी का अभिवादन किया और समाजवादी विजय रथ की सफलता और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। इस मौके पर अखिलेश यादव के समक्ष पूर्व सांसद राजाराम पाल ने सपा की सदस्यता ग्रहण की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *