Dainik Athah

कल से समाजवादी विजय यात्रा शुरू करेंगे अखिलेश यादव

सत्तारूढ़ भाजपा सरकार से प्रदेश को निजात दिलाने के लिए अलख जगाएंगे सपा मुखिया

अथाह ब्यूरो,
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव को आज फिर प्रदेश की त्रस्त-पस्त जनता पुकार रही है। आर.एस.एस. संचालित भाजपा सरकार जबसे प्रदेश में सत्तारूढ़ हुई है जनता की तकलीफें बढ़ती गई हैं। महंगाई, भ्रष्टाचार से लोगों का जीना दूभर हो गया है। इसी हुंकार के साथ अखिलेश यादव आज से ‘समाजवादी विजय यात्रा‘ शुरू करेंगे।

सपा मुख्यालय से जारी बयान के मुताबिक भाजपा राज की दमनकारी, स्वेच्छाचारी और भ्रष्ट नीतियों के खिलाफ जनजागरण और सत्ता परिवर्तन की अलख जगाने के लिए अखिलेश यादव की यह यात्रा समाज को बांटने और नफरत फैलाने वालों को चुनौती देते हुए उनके सफाये का संकेतक बनेगी। 12 अक्टूबर 2021 की इस यात्रा से लोकतंत्र की गरिमा की पुनः प्रतिष्ठा का संकल्प जन-जन के बीच जाएगा।

समाजवादी विजय यात्रा में 12 अक्टूबर 2021 को राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव रथ द्वारा 11 बजे गंगापुल जिला कानपुर से प्रस्थान करेंगे। 11ः30 बजे नौबस्ता जिला कानपुर में रथ यात्रा का स्वागत होगा। 02ः00 बजे नेवेली लिग्नाइट बिजली घर घाटमपुर में स्वागत कार्यक्रम का आयोजन होगा। रथ यात्रा शाम पांच बजे हमीरपुर पहुंचेगी।

13 अक्टूबर को रथ यात्रा 10ः00 बजे हमीरपुर में प्रस्थान के बाद 11ः00 बजे कुरारा, 02ः00 बजे कालपी जालौन, 04ः00 बजे माती कानपुर देहात पहुंचेगी।  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव श्री राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि यह एक ऐतिहासिक तथ्य है कि जब-जब श्री अखिलेश यादव क्रांति यात्राओं पर निकले है। प्रदेश की राजनीति में नए परिवर्तन की लहर आई है। कुशासन का अंत उनके शंखनाद से हुआ है।

गरीबों, वंचितो, अल्पसंख्यकों, पिछड़ों और दलितों के बीच विश्वास जगाने में यह यात्रा निश्चय ही मील का पत्थर साबित होगी। अब फिर जनता को विजय यात्रा की सफलता के विश्वास के साथ उम्मीद बंधी है कि प्रदेश में लोकतंत्र की बहाली होगी और उत्पीड़न तथा अत्याचार समाप्ति के साथ ही समाजवादी पार्टी की सरकार बहुमत के साथ सन् 2022 में सत्ता में आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *