Dainik Athah

प्रसपा जिलाध्यक्ष चौधरी प्रताप सिंह समर्थकों समेत भाजपा में शामिल

जिले में शिव पाल सिंह यादव की पार्टी प्रसपा को झटका

मोदीनगर से कर सकते हैं टिकट का दावा

अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद।
गाजियाबाद जिले में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रगतिशील समाजवादी पार्टी को झटका लगा है। पार्टी के जिलाध्यक्ष चौधरी प्रताप सिंह समर्थकों समेत भाजपा में शामिल हो गये। उनके मोदीनगर सीट पर दावा करने की उम्मीद जताई जा रही है।

चौधरी प्रताप सिंह लंबे समय से शिवपाल सिंह यादव के साथ थे। वे सहकारिता के क्षेत्र में भी दखल रखते हैं। रविवार को प्रताप सिंह ने भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। उन्हें पार्टी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह तथा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भाजपा में शामिल किया।

प्रताप सिंह इससे पहले समाजवादी पार्टी में भी विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। सूत्रों के अनुसार भाजपा में शामिल होने से पहले प्रताप सिंह ने राधा मोहन सिंह एवं स्वतंत्र देव सिंह के साथ ही प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल से भी अलग- अलग मुलाकात की।

सूत्रों के अनुसार प्रताप सिंह पिछले कुछ समय से मोदीनगर क्षेत्र में सक्रिय हैं। वे मोदीनगर से चुनाव लड़ने के इच्छुक भी बताये जा रहे हैं। हालांकि जब उनसे बात की गई तो उन्होंने कहा कि वे भाजपा के कार्यकर्ता है। पार्टी जो भी आदेश देगी उसी के अनुरूप पार्टी में रह कर कार्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *