Dainik Athah

सपा- बसपा ने यूपी को लावारिस छोड़ उसकी दुर्गति की: योगी

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में युवाओं में भरा गया उत्साह
– युवा शक्ति के बल पर प्रदेश में फिर खिलेगा कमल: तेजस्वी सूर्या
– युवा घर- घर जाकर बतायें कि सपा- बसपा ने प्रदेश को कैसे लूटा: स्वतंत्र देव

अथाह ब्यूरो

लखनऊ। समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी को बहुत समय मिला लेकिन उन्होंने यूपी को लावारिस छोड़कर उसकी दुर्गति ही की। 05 वर्ष पहले जहां उत्तर प्रदेश के बारे में धारणाएं बनती थीं कि ये दंगा प्रदेश है। वहीं हमारी सरकार आने के बाद अब सुरक्षित यूपी की धारणा कायम हुई। ये वही उत्तर प्रदेश है जहां कोई निवेश नहीं करना चाहता था और आज दुनिया की सबसे बड़ी कम्पनी जेवर एयरपोर्ट तैयार करने जा रही है। यह बात उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में शुक्रवार को कही।

गोमतीनगर के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आने वाले समय मे उत्तर प्रदेश, देश में सबसे आगे होगा। उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकतार्ओं का आह्वान करते हुए कहा कि आप सबकी ऊर्जा, भारत और उत्तर प्रदेश की ऊर्जा है। ये ऊर्जा भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़कर राष्ट्रनिर्माण के लिए बड़ी भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि आप सबके ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है। सीएम योगी ने कहा कि देश की सबसे ज्यादा आबादी वाला राज्य उत्तर प्रदेश है। दुनियाकी सबसे उर्वरा भूमि, जल संसाधन, सबसे ज्यादा पौराणिक, धार्मिक स्थल उत्तर प्रदेश में हैं लेकिन क्या कारण था कि 5 वर्ष पहले उत्तर प्रदेश के बारे में धारणाएं बनती थी कि ये दंगा प्रदेश है। सीएम योगी ने कहा कि उन कारणों में आप युवाओं को जानना होगा। पिछली सरकारों में भट्टा पारसौल, बस्ती के मुंडेरवा और रामकोला में किसानों पर गोलियां चलाई गईं। लेकिन हमारी सरकार में बड़े से बड़े विकास कार्य चल रहे हैं।

अजीब-अजीब से नियम हिन्दू त्योहारों पर लगा दिए जाते थे। जब मैं सीएम बना तो सबसे पहले कावड़ यात्रा पड़ी थी। संबंधित अधिकारी मेरे पास आये और बोले कि यात्रा नहीं हो सकती है, दंगा हो जायेगा। तो मैंने कहा आप लोग किस लिए हैं।

भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्य समिति का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन करने के बाद युवाओं को संबोधित करते हुए युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि मेरे जैसे सामान्य कार्यकर्ता को पार्टी ने युवा मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया गया ऐसा केवल भाजपा में ही हो सकता है। हर एक पद एक लिमिट टर्म होता है चाहे विधायक हो, सांसद हो, यह एक पद है जिसका कोई टर्म नहीं।

सूर्या ने उत्तर प्रदेश में पहले की शासन व्यवस्था का जिक्र किया जहां लोग सरकारी विभागों से काम करवाने के लिए तय दरों का हवाला दिया करते थे। उन्होंने पहले की सरकारों को फटकार लगाई और आरोप लगाया कि उन्होंने उन सेवाओं के लिए रेस्तरां में मेनू कार्ड बनाए हैं जो एक राज्य अपने लोगों को देने के लिए बाध्य है। योगी आदित्यनाथ के आज सत्ता में आने से उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार मुक्त शासन का एक नया युग देख रहा है। उन्होंने कहा भाजयुमो के प्रत्येक कार्यकर्ता को घर-घर जाकर योगी और मोदी सरकार द्वारा किए गए अच्छे कार्यों से लोगों को अवगत कराने का आग्रह किया। उन्होंने उन सभी से योगी को फिर से निर्वाचित होने के लिए काम करने और योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यूपी में मुख्तार अंसारी हो या आजम खान हों ऐसे सभी लोगों को जेल में डाल चुके हैं। योगी राज में यूपी में सबका साथ सबका विकास के अनुरूप काम हो रहा है, लेकिन अखिलेश जी के समय क्या था। तब था भाईजान के साथ मियां का विश्वास और अपना विकास, यूपी में

उन्होंने युवाओं से पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों, पार्टी नेताओं और देश से जुडे़  महापुरूषों के त्याग और बलिदान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को भी बताया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि सोनिया गांधी ने हमारे नेताओं को निकम्मा बोला। यूपीए की 10 साल की सरकार में शंकराचार्य जी की गिरफ्तारी कराई। हिंदी, हिन्दू और राष्ट्रवाद का अपमान किया। भगवान श्रीराम और रामसेतु को मानने से इनकार किया। आज भाजपा के शासनकाल में अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। उन्होंने युवा कार्यकतार्ओं से कहा कि आप में से अटल बिहारी बाजपेयी, दीन दयाल उपाध्याय, मुखर्जी जैसा नेतृत्व भविष्य में निकलेगा। आप लोग ही कल पार्टी के नेता होगें। प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए जिला, क्षेत्र और प्रदेश के सभी पदाधिकारियों को संगठनात्मक कार्यक्रमों के बारे में बताया, आगामी कार्यक्रमों के बारे में चर्चा भी किया। उन्होंने कहा चुनाव से पहले यह युवा मोर्चा की पहली और अंतिम सबसे बड़ी बैठक है, क्योंकि इसके बाद अगले तीन महीने हमे चुनाव में जुटना है। युवा मोर्चा 1918 मंडलों में युवा संवाद के कार्यक्रम भी करेगा।


भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त दिवेदी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सभी जिला, क्षेत्र और प्रदेश के सभी पदाधिकारियों से कहा कि आप के दम पर अबकी बार 350 पार करनी है। उन्होंने युवाओं का आवाहन किया कि अगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर से भाजपा की सरकार बनाने के लिए युवा मोर्चा के एक-एक कार्यकर्ता को जुटना है। तथा विपक्ष द्वारा फैलाये जा रहे झूठ, भ्रम, फरेब के मकड़जाल का सफाया करना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सिपाही बनकर बूथ विजय का संकल्प लेकर युवा मोर्चा बढ़ेगा और 350 का लक्ष्य प्राप्त करेगा।

प्रदेश मीडिया प्रभारी धनन्जय शुक्ला ने बताया कि मंच का संचालन भाजयुमों प्रदेश महामंत्री देवेन्द्र पटेल, वरूण गोयल, हर्षवर्धन सिंह ने किया। मंच पर गरिमामयी उपस्थिति भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मोर्चा के प्रदेश प्रभारी पंकज सिंह, प्रदेश मंत्री व सहप्रभारी युवा मोर्चा अर्चना मिश्रा, सहप्रभारी युवा मोर्चा सुभाष यदुवंश उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *