Dainik Athah

केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बनें यूपी विस चुनाव के प्रभारी, अनुराग ठाकुर सह प्रभारी

– उत्तर प्रदेश के छह क्षेत्रों के लिए अलग- अलग प्रभारी बनायें

– सांसद संजय भाटिया को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी

अथाह ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, मणिपुर, उत्तराखंड राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रभारी नियुक्त किये हैं। उत्तर प्रदेश में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को चुनाव प्रभारी एवं अनुराग ठाकुर को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
भाजपा के राष्टÑीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के निर्देश के बाद भाजपा के राष्टÑीय महामंत्री अरुण सिंह ने राज्यों के विधानसभा चुनाव प्रभारियों की घोषणा की। शिक्षा एवं कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को उत्तर प्रदेश विधानसभा का प्रभारी बनाने के साथ ही अनुराग सिंह ठाकुर, अर्जुन मेघवाल, सरोज पांडेय, शोभा करंदलाजे, कैप्टन अभिमन्यु, अन्नपूर्णा देवी और विवेक ठाकुर को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसी टीम के पास बड़ी जिम्मेदारी है।
भाजपा ने संगठनात्मक दृष्टि से प्रदेश को छह हिस्सों में बांटा हुआ है। केंद्रीय नेतृत्व ने सभी छह क्षेत्रों के लिए अलग- अलग प्रभारी भी नियुक्त किये हैं। इनमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए लोकसभा सांसद संजय भाटिया, बृज क्षेत्र में बिहार के विधायक संजीव चौरसिया, अवध क्षेत्र के लिए राष्टÑीय मंत्री वाय. सत्या कुमार, कानपुर क्षेत्र के लिए राष्टÑीय सह कोषाध्यक्ष सुधीर गुप्ता, गोरखपुर के लिए राष्टÑीय मंत्री अरविंद मेनन एवं काशी क्षेत्र के लिए उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी सुनील ओझा को विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत को प्रभारी बनाकर उनके साथ हरदीप सिंह पुरी, मीनाक्षी लेखी और विनोद चावड़ा को सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। संसदीय कार्य मंत्री प्रहलाद जोशी को उत्तराखंड का प्रभारी बनाया गया है। लाकेट चटर्जी, सरदार आरपी सिंह उनके सह प्रभारी होंगे। गोवा विधानसभा चुनाव के लिए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, मणिपुर के विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को प्रभारी बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *