Dainik Athah

मुरादनगर से भाजपा के राजीव त्यागी, लोनी में वंदना नागर विजयी

  • ब्लाक प्रमुख चुनाव में भाजपा की बल्ले- बल्ले
  • लोनी में वंदना छह मतों से तो मुरादनगर में लॉटरी से हुआ निर्णय
  • भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

    अथाह संवाददाता
    गाजियाबाद
    । लोनी ब्लाक प्रमुख के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी वंदना नागर पत्नी कोमल विजयी घोषित की गई। उन्होंने भाजपा की बागी रेणु कसाना को छह मतों के अंतर से हराया। लोनी में जहां भाजपा छह मतों से विजयी हुई, वहीं दूसरी तरफ मुरादनगर में लॉटरी पड़ने के बाद राजीव त्यागी विजयी घोषित किये गये। बता दें कि गाजियाबाद जिले में रजापुर ब्लाक एवं भोजपुर ब्लाक में भाजपा प्रत्याशी पूर्व में ही निर्विरोध विजयी घोषित हो चुके हैं। शनिवार को मुरादनगर ब्लाक में हुए मतदान में भाजपा प्रत्याशी एवं लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर के भतीजे की पत्नी वंदना छह मतों के अंतर से विजयी घोषित की गई। उन्होंने भाजपा के ही कार्यकर्ता मनीष कसाना की पत्नी रेणु कसाना को हराया। वंदना को 39 मत मिल एवं रेणु को 33 मत प्राप्त हुए। परिणाम की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल एवं विधायक नंद किशोर गुर्जर को कंधों पर उठा लिया एवं जश्न मनाया गया। मुरादनगर ब्लाक में भाजपा के राजीव त्यागी एवं बसपा से निष्कासित केडी त्यागी की पत्नी साधना त्यागी को 35- 35 मत प्राप्त हुए। यहां पर राजीव त्यागी का एक वोट रद्द किया गया था। बाद में लॉटरी सिस्टम से राजीव त्यागी को विजयी घोषित किया गया। राजीव त्यागी को विजेता घोषित किये जाने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों का जोरदार स्वागत किया गया

जिलाधिकारी ने राजीव त्यागी को सौंपा प्रमाण पत्र

चुनाव परिणाम के बाद जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने राजीव त्यागी को कलक्ट्रेट सभागार में प्रमाण पत्र सौंपा। इस मौके पर विधायक अजीत पाल त्यागी, महानगर भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा, पूर्व महापौर आशु वर्मा, महानगर उपाध्यक्ष बोबी त्यागी, महामंत्री पप्पू पहलवान, गोपाल अग्रवाल, पूर्व बार सचिव विजय गौड़ समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्रमाण पत्र लेने के बाद कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम का उद्घोष भी किया गया। इसके साथ ही भाजपा, अजीत पाल त्यागी एवं संजीव शर्मा जिंदाबाद के नारे लगाये गये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *