Dainik Athah

भाजपा प्रत्याशी के निर्विरोध बनने में सपा- रालोद का अड़ंगा

– जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए नामांकन आज
– आज दोपहर 12 बजे के बाद भाजपा प्रत्याशी के साथ ही सपा- रालोद के संयुक्त प्रत्याशी करेंगे नामांकन
– भाजपा के जिला- महानगर अध्यक्षों के साथ ही सभी सांसद- विधायक रहेंगे मौजूद

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के लिए पुलिस- प्रशासन ने तैयारियां पूर्ण कर ली है। इसके साथ ही भाजपा एवं सपा- रालोद पार्टियां भी नामांकन के लिए देर शाम तक तैयारियों में जुटी हुई थी। नामांकन के दौरान कलक्ट्रेट परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इस दौरान जिनको नामांकन में जाने की अनुमति होगी केवल उन लोगों को ही जाने दिया जायेगा।


जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए शनिवार को सुबह 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। भाजपा प्रत्याशी पार्टी के पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष बसंत त्यागी की पत्नी ममता त्यागी दोपहर 11 बजे बाद नामांकन करेंगी। जबकि सपा- रालोद की संयुक्त प्रत्याशी धौलाना विधायक असलम चौधरी की पत्नी नसीम बेगम भी 12 बजे के बाद ही नामांकन करेगी। भाजपा के जिला प्रभारी सत्येंद्र शिशौदिया एवं महानगर भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा ने बताया कि शनिवार को सुबह दस बजे भाजपा के सभी प्रमुख कार्यकर्ता, जिला व महानगर पदाधिकारी, सभी सांसद एवं विधायक पार्टी कार्यालय पर सुबह दस बजे एकत्र होंगे। वहां से कलक्ट्रेट में नामांकन करने जायेंगे।


भाजपा जिला प्रभारी सत्येंद्र शिशौदिया ने दावा किया कि भाजपा प्रत्याशी ममता त्यागी विजयी होंगी। विपक्ष के पास जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन नहीं है। राष्टÑवाद के मुद्दे पर अधिकांश जिला पंचायत सदस्य भाजपा के साथ है। उन्होंने बताया कि अनुमोदक एवं प्रस्तावक में से एक भाजपा की जिला पंचायत सदस्य अंशु मावी जो भाजपा के वरिष्ठ नेता ईश्वर मावी की पुत्र वधु है रहेंगी। दूसरा नाम भी रात तक तय कर लिया जायेगा।
उधर सपा जिलाध्यक्ष राशिद मलिक एवं रालोद जिलाध्यक्ष अजय प्रमुख ने बताया कि नसीम बेगम जो धौलाना विधायक असलम चौधरी की पत्नी है वह 11 बजे के बाद नामांकन दाखिल करेगी। दोनों पदाधिकारियों ने दावा किया कि उनकी संयुक्त प्रत्याशी ही चुनाव में विजयी होगी।


– नामांकन के दौरान रहेगी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस उपाधीक्षक कविनगर अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि कलक्ट्रेट में नामांकन के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। नामांकन के चलते कलक्ट्रेट जाने वाले दोनों रास्तों पर बेरिकेडिंग कर पुलिस कर्मियों को तैनात किया जायेगा। नामांकन कक्ष में केवल उन लोगों को ही जाने की अनुमति होगी जो इसके लिए अनुमण्य होंगे। अन्य सभी लोगों को कलक्ट्रेट के मुख्य भवन से सौ मीटर पहले ही रोक दिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *