Dainik Athah

75 में से 65 जिला पंचायत अध्यक्षों की कुर्सी पर भाजपा की नजर

– जिला पंचायत अध्यक्ष बनवाने की रणनीति पर भाजपा नेतृत्व
– इसी सप्ताह जारी हो सकती है अधिसूचना
– जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव से पहले ब्लाक प्रमुख चुनाव पर नहीं होगी चर्चा

अशोक ओझा
लखनऊ। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मिली हार का दाग भारतीय जनता पार्टी अब जिला पंचायत अध्यक्षों की कुर्सी हथियाकर धोना चाहेगी। इसके लिए पार्टी के प्रदेश स्तरीय शीर्ष नेतृत्व ने संगठन के सभी स्तर के पदाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिये हैं। इसके साथ ही ब्लाक प्रमुख चुनाव को लेकर चर्चा भी न करने के निर्देश दिये हैं।


बता दें कि पंचायत चुनावों में भाजपा को जिला पंचायत सदस्यों को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों के साथ ही प्रदेश के अधिकांश जिलों में मुंह की खानी पड़ी थी। इसको लेकर पार्टी की मीडिया एवं सोशल मीडिया में जमकर छिछालेदार हुई। 2022 के विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी को यह करारा झटका लगा था। पिछले दिनों संगठन एवं सरकार में बदलाव की चर्चाएं चलने के बाद जिला पंचायत एवं ब्लाक प्रमुख चुनाव के साथ ही 2022 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी नेतृत्व ने इस पूरे मामले पर पर्दा डालने का निर्णय लिया था। इसके साथ ही दो दिन पूर्व ही तय कर लिया था कि चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जायेगा। हां छुटपुट बदलावों से पार्टी नेतृत्व का इनकार नहीं है।


इसी बीच पार्टी एवं सरकार ने पूरा ध्यान अब इसी माह होने वाले जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव पर फोकस कर दिया है। भाजपा के उच्च पदस्थ सूत्र पर भरोसा करें तो पार्टी की नजर प्रदेश के 75 में से 65 जिला पंचायत अध्यक्षों की कुर्सी पर कब्जा करने की है। सूत्रों के अनुसार शनिवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह एवं संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिये हुई बैठक में सभी क्षेत्रीय अध्यक्षों के साथ ही पार्टी के जिला व महानगर अध्यक्षों को संदेश भी दे दिया है कि सभी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव पर फोकस करें।


सूत्रों के अनुसार दोनों नेताओं ने पार्टी अध्यक्षों से स्पष्ट किया है कि जिला पंचायत अध्यक्ष चुनावों से पहले ब्लाक प्रमुख चुनाव को लेकर कोई चर्चा न करें। प्रमुख चुनाव की चर्चा पर पूरी तरह से विराम लगाने के लिए पार्टी ने स्पष्ट निर्देश दिये हैं। पार्टी हर हाल में इन चुनावों में जीत हासिल कर विपक्ष के साथ ही प्रदेश की जनता को संदेश देना चाहती है कि भाजपा की तरफ ही सभी का झुकाव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *