अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जब भाजपा की जमीन ही नहीं बची है, तो लोकसभाओं की गिनती बढ़ा ले या उनकी सीमाओं में हेरफेर कर ले, भाजपा को कुछ भी हासिल नहीं होगा। देश के किसान, मजदूर, व्यापारी हों या युवा, महिला, मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा-दैनिककर्मी सब भाजपा के खिलाफ हैं। भाजपा के अपने लोगों ने ही जब भाजपा के झंडे हटा लिए हैं तो अब परिसीमन की कोई भी जोड़-तोड़ या चुनावी तंत्र की कोई भी घपले-घोटालेबाजी काम नहीं आनेवाली है।
उन्होंने कहा कि भाजपा भी जानती है कि ‘परिसीमन’ से उसे कुछ भी हासिल नहीं होगा, वो विशेष सत्र ‘परिसीमन’ के लिए नहीं, कुछ दिनों के लिए मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए बुला रही है। हम फिर दोहरा रहे हैं कि ‘परिसीमन’ भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लिए चुनाव ही सब कुछ है देश नहीं, इसीलिए उसे लोकसभा क्षेत्र की सीमाओं की चिंता है देश की सीमाओं की नहीं। भाजपा लोकतंत्र की हत्या करने पर उतारू है।
