Dainik Athah

अभिषेक गर्ग को गाजियाबाद शहर- अनिल कसाना लोनी विधानसभा प्रभारी बनें

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में गठबंधन धर्म के लिए सपा ने बदली रणनीति

5 विधानसभा प्रत्याशी घोषित करने के बाद अब घोषित किये 11 विस प्रभारी

कांग्रेस के साथ वार्ता का दौर चलने तक सपा घोषित करेगी बसपा की तर्ज पर विधानसभा प्रभारी


अशोक ओझा
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है। पांच प्रत्याशी घोषित करने पर कांग्रेस की आपत्ति के बाद सपा ने अब 11 विधानसभा सीटों के प्रभारी घोषित कर दिये। ये प्रभारी ही चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी भी होंगे। पार्टी ने गाजियाबाद शहर सीट से अभिषेक गर्ग एवं लोनी से अनिल कसाना को विधानसभा प्रभारी घोषित किया है।
बता दें के विधानसभा चुनाव के लिए सपा और कांग्रेस में सीटों के बंटवारे पर वार्ताओं का दौर चल रहा है। दो दौर की वार्ता बेनतीजा रही है। इसी बीच सपा ने पिछले दिनों पांच विधानसभा प्रत्याशी घोषित कर दिये जिससे कांग्रेस और खासकर उसके सांसद इमरान मसूद भड़क गये थे। इसका मुख्य कारण उनके घुर विरोधी सपा विधायक आशु मलिक को सहारनपुर देहात से प्रत्याशी घोषित करना था। सपा द्वारा पांच सीट पर प्रत्याशी घोषित करने के बाद अभी तक अगले दौर की बात नहीं हुई है।
सपा सूत्रों की मानें तो कांग्रेस जिस प्रकार लंबी चौड़ी फेहरिस्त लेकर बैठी है उसके ऊपर सीटों का तालमेल नहीं हो सकता। अगली बैठक में कांग्रेस से सपा सीटों पर कांग्रेस से उसके संभावित प्रत्याशियों के नाम मांगेगी। उसके बाद सपा यह भी देखेगी कि कांग्रेस जिन प्रत्याशियों को मैदान में उतारने जा रही है उनका क्षेत्र में वजूद क्या है तथा वे जीतने की स्थिति में भी है या नहीं।
कांग्रेस की आपत्तियों के बाद ही सपा ने अब विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों की घोषणा करने की रणनीति बदल दी है। सपा ने बसपा की तर्ज पर अब विधानसभा प्रभारी घोषित करने शुरू कर दिये हैं। सूत्र बताते हैं कि ये प्रभारी ही विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रत्याशी भी होंगे। बता दें कि बसपा भी सीधे प्रत्याशी घोषित न कर विधानसभा प्रभारी ही घोषित करती है।
समाजवादी पार्टी ने रविवार को जिन विधानसभा प्रभारियों की घोषणा की है उनमें बागपत जिले की बड़ौत सीट से सुखेंद्र तोमर, गाजियाबाद जिले की लोनी विधानसभा सीट से पिछले दिनों भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए पूर्व ब्लाक प्रमुख अनिल कसाना को, गाजियाबाद शहर सीट से व्यापारी नेता अभिषेक गर्ग को प्रभारी घोषित किया है। इसके साथ ही नोएडा से मुकेश शर्मा, हाथरस से रामनारायण काके, सादाबाद से देवेंद्र अग्रवाल, मथुरा जिले की छाता से लोकमणि जादौन, मांट से संजय लाठर, आगरा की बाह सीट से कृष्ण वर्मा निषाद, शाहजहांपुर की तिलहर से रोशन लाल वर्मा एवं जालौन की कालपी सीट से श्रीराम पाल को विधानसभा प्रभारी घोषित कर दिया।

सूत्र बताते हैं कि जिस प्रकार कांग्रेस सीटों की मांग कर रही है उतनी सीटें सपा देगी यह संभव नहीं है। सपा ज्यादा से ज्यादा 40 से 50 सीट दे सकती है। इस पर कांग्रेस तैयार नहीं होती है तो सपा एकला चलो की रणनीति पर काम करेगी। हालांकि इस मुद्दे पर सपा के नेता अब बोलने से बचने लगे हैं।

समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर बात चल रही है। दो दौर की बातचीत हो चुकी है। उम्मीद है कि जल्द ही सीटों का बंटवारा हो जायेगा।
राजकुमार भाटी

प्रवक्ता, समाजवादी पार्टी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *