Dainik Athah

एसएसआर के बाद फार्म 6 के आवेदनों में 22 गुना की बढ़ोत्तरी हुई है: अखिलेश यादव



अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग से मिलकर फार्म 6 के जरिए करोड़ों फर्जी वोट जोड़ने का षडयंत्र कर रही है। एसएसआर के बाद फार्म 6 के आवेदनों में 22 गुना की बढ़ोत्तरी हुई है। एसआईआर के बाद जिन-जिन विधानसभा क्षेत्रों में वोट कम हुए थे वहां पर फिर से वोट बढ़ना शुरू हो गये हैं।
यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री और मुख्य निर्वाचन अधिकारी की तरफ से सोची-समझी रणनीति के तहत मतदाताओं की संख्या को लेकर बयानबाजी की जा रही है। मुख्यमंत्री जी कह रहे हैं कि 1 करोड़ 27 लाख हिन्दू मतदाता हटा दिये गये हैं तो मुख्य निर्वाचन अधिकारी की तरफ से बात आयी है कि ढ़ाई करोड़ वोटर गायब हैं। आखिर झूठ कौन बोल रहा है। मुख्यमंत्री जी झूठ बोल रहे हैं या निर्वाचन अधिकारी।
शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में श्री यादव ने कहा कि करोड़ो मतदाताओं के नाम गायब होने का शोर इसलिए मचाया जा रहा है ताकि अन्तिम मतदाता सूची आने पर एक महीने के अन्दर जो करोड़ो वोटर जोड़ने की साजिश है उस पर सवाल न उठे। उन्होंने कहा कि जल्दी ही एक प्रतिनिधिमंडल के माध्यम से हम लोग मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिलकर उन्हें जोड़े जा रहे फर्जी वोटरों की जानकारी देंगे और कार्यवाही की मांग करेंगे। अगर कार्यवाही नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर आंदोलन छेड़ने पर विचार करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव आयोग के साथ मिलकर 17 नवम्बर तक मतदाता सूची में 2 लाख 84 हजार फर्जी वोट जुड़वाये हैं। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने इसकी शिकायत की है।
अखिलेश यादव ने इलाहाबाद दक्षिण, गाजियाबाद, गोरखपुर शहरी, इलाहाबाद पश्चिम, वाराणसी कैण्ट विधानसभा क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए बताया कि इन शहरी क्षेत्रों में एसआईआर के बाद हर 1 हजार वोटरों पर 5 से 7 डुप्लीकेट वोटर जोड़े गये है। उन्होंने कहा कि 15 अक्टूबर को हमने आडिट जारी कर बताया था कि वोटरलिस्ट में लाखों डुप्लीकेट वोटर हैं। समाजवादी पार्टी ने सभी फर्जी वोटरो के विवरण के साथ चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही की मांग की थी। लेकिन 17 नवम्बर 2026 जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में अब भी लाखों डुप्लीकेट वोटर है।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के एसएसआर की प्रक्रिया चलने के बाद भी प्रदेश में बड़ी संख्या में अधिकारियों के ट्रांसफर पोस्टिंग हो रहे है। इन ट्रांसफर पोस्टिंग से किसे फायदा पहुंचाया जा रहा है। चुनाव आयोग ने इसपर संज्ञान क्यों नहीं लिया।

एक सवाल के जवाब में यादव ने कहा कि परिसीमन भाजपा की सबसे बड़ी भूल होगी। आज तक भाजपा ने जितने भी बड़े फैसले लिए उससे जनता को कोई लाभ नहीं हुआ। नोटबंदी का उदाहरण देते हुए कहा कि नोटबंदी के दौरान सरकार ने कहा था कि भ्रष्टाचार खत्म हो जाएगा। मंहगाई कम हो जाएगी लेकिन नोटबंदी के बाद भ्रष्टाचार खत्म होने के बजाय कई गुना बढ़ गया है। मंहगाई चरम पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *