Dainik Athah

संविधान के आदर्शों और सामाजिक न्याय के संकल्प के साथ मनाया गया संविधान गौरव दिवस


संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति जताई प्रतिबद्धता


लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संविधान गौरव दिवस के अवसर पर गुरुवार को छत्रपति शाहू जी महाराज शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, भागीदारी भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, अनुसूचित जाति, जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रो. रिपुसूदन सिंह, भाजपा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, प्रदेश मंत्री अंकुर शर्मा ने संबोधित किया। प्रदेश मंत्री वसंत त्यागी ने संचालन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं संविधान को नमन करने के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में भारतीय संविधान की ऐतिहासिक यात्रा, उसकी विशेषताओं और मूल भावना पर आधारित पीपीटी का प्रदर्शन किया गया। साथ ही संविधान के महत्व पर केंद्रित लघु फिल्म भी दिखाई गई। इसके माध्यम से संविधान निर्माण की प्रक्रिया, उसके मूल आदर्शों और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उसकी भूमिका को रेखांकित किया गया।

प्रदेश सरकार के मंत्री श्री असीम अरुण ने कहा कि संविधान के मूल आदर्शों और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को आत्मसात करते हुए हमारा समाज सामाजिक न्याय के परिवर्तनकारी दौर में प्रवेश करेगा। संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता और न्याय के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत ने कहा कि संविधान गौरव दिवस बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर जी के विचारों और उनके कार्यो से प्रेरणा लेने का दिन है।
प्रोफ्रेसर रिपुसूदन जी ने कहा कि संविधान गौरव दिवस पर बाबा साहेब द्वारा दिये गए पवित्र ग्रंथ को नमन करता हूं जिस संविधान पर पूरा देश टिका हुआ है।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों और प्रतिभागियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अतिथियों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र, संविधान की प्रति और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की कांस्य प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ, सामाजिक समरसता और सामाजिक न्याय की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया। आयोजन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *