बूथ मजबूत तो संगठन मजबूत: नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को दिया 2027 का रोडमैप
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को किया तैयार रहने का आह्वान, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर दिया जोर

अथाह संवाददाता,
गाजियाबाद। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का गाजियाबाद में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। एनएच-9 पर महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के महानगर में पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला।
स्वागत से अभिभूत नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए उन्हें वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए अभी से पूरी तैयारी के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कमल का निशान भाजपा की पहचान है और प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की प्राथमिकताओं से अवगत कराते हुए कहा कि व्यक्ति केवल एक माध्यम है, जबकि पार्टी का विचार, संगठन और संकल्प सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने-अपने बूथ पर सक्रिय रहकर पार्टी के विचारों के साथ केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचानी चाहिए।

बूथ स्तर पर मजबूती को बताया संगठन की नींव
नितिन नवीन ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन की वास्तविक ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से होती है। इसलिए कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथों पर लगातार सक्रिय रहना चाहिए और जनता से सीधा संवाद बनाए रखना चाहिए। उन्होंने विपक्ष की ओर से किए जा रहे दुष्प्रचार का जवाब भी संगठनात्मक मजबूती और जनता के बीच प्रभावी संवाद के माध्यम से देने की बात कही।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की गतिविधियों को बूथ स्तर तक मजबूत करें और पार्टी के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं। उनके संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने संगठन को मजबूत करने के संकल्प के साथ काम करने का भरोसा जताया।

कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, सांसद अतुल गर्ग, सांसद एवं राष्ट्रीय मंत्री भोला सिंह, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप, जिला प्रभारी अशोक कटारिया, प्रदेश महामंत्री राजेश सिंह, सदर विधायक संजीव शर्मा, अजीत पाल त्यागी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम ने गाजियाबाद महानगर में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच संगठनात्मक सक्रियता और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर माहौल में नई ऊर्जा का संचार किया।
