Dainik Athah

युवा संवाद के साथ ही 2027 के विस चुनाव को धार देंगे ‘नितिन नबीन’

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 21-22 को दो दिन पउप्र के प्रवास पर

पूर्व क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ ही पूर्व सांसदों, विधायकों के साथ भी होगी बैठक

क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक 22 को सहारनपुर में


अथाह संवाददाता
मेरठ।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 21 और 22 सितंबर को दो दिवसीय उत्तर प्रदेश के प्रवास पर रहेंगे। आगामी यूपी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण है। इस प्रवास के दौरान नवीन यूपी में चुनाव तैयारियों को लेकर विभिन्न संगठनात्मक बैठकों, सार्वजनिक कार्यक्रमों और सम्मेलनों का नेतृत्व करेंगे। वे ऐतिहासिक स्थलों और प्रमुख मंदिरों में दर्शन कर आशीर्वाद भी प्राप्त करेंगे, जो सेवा, समर्पण और आस्था के मूल्यों के प्रति भाजपा की निरंतर प्रतिबद्धता को दशार्ता है।
प्रवास के पहले दिन 21 सितंबर सोमवार को नितिन नबीन क्रांतिधरा मेरठ पहुँचकर सबसे पहले इंडियन नेशनल आर्मी शहीद स्मारक एवं उपवन में अमर बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इसके उपरांत, वे पूर्वाह्न 11:30 बजे स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के मांगल्य आॅडिटोरियम में आयोजित विशाल ‘युवा सम्मेलन’ को संबोधित कर युवा शक्ति का आह्वान करेंगे। दोपहर 01:45 बजे वे इसी परिसर में भाजपा ‘शक्ति केंद्र सम्मेलन (पश्चिम क्षेत्र)’ को संबोधित करेंगे। दिन के उत्तरार्ध में नबीन पश्चिम क्षेत्र के पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और समर्पित कार्यकतार्ओं के साथ विशेष बैठकें कर चुनाव की तैयारियों को अंतिम और सटीक धार देंगे।

प्रवास के दूसरे दिन 22 सितंबर को नबीन प्रात: मेरठ में क्षेत्र के प्रबुद्धजनों एवं समाज के विशिष्ट नागरिकों के साथ संवाद बैठक करेंगे। इसके बाद वे मेरठ के ऐतिहासिक औघड़नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। सहारनपुर आगमन पर दोपहर 01:00 बजे राष्ट्रीय अध्यक्ष भाजपा कार्यकर्ता के निवास स्थान पर भोजन करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का एक कार्यकर्ता के घर जाकर भोजन करना भाजपा की ‘कार्यकर्ता-प्रथम’ की महान परंपरा, आत्मीयता और जमीनी स्तर से अटूट जुड़ाव का बड़ा संदेश देता है।। सहारनपुर में दोपहर 02:15 बजे वे पश्चिम क्षेत्र के पूर्व सांसदों व विधायकों से संवाद करेंगे, जिसके तुरंत बाद प्रदेश एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों तथा जिला महामंत्रियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर चुनावी रणनीति का गहन मंथन करेंगे। अपने इस ऐतिहासिक प्रवास के समापन पर नबीन प्रसिद्ध सिद्धपीठ श्री शाकम्भरी देवी मंदिर में माँ भगवती की पूजा-अर्चना कर समस्त देशवासियों की समृद्धि, शांति और राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना करेंगे, जो जमीनी स्तर पर संगठन को प्रचंड शक्ति प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *