Dainik Athah

एयरोसिटी योजना के लिए भूमि जुटाव की प्रक्रिया शुरू

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी



अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की महत्वाकांक्षी एयरोसिटी योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। योजना के लिए लैंड पूलिंग के माध्यम से भूमि जुटाव की प्रक्रिया प्रारंभ करते हुए प्रथम भूस्वामी से सहमति प्राप्त की गई। यह सहमति प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल की उपस्थिति में प्राप्त हुई।
प्रस्तावित एयरोसिटी योजना मोरटी, अटोर एवं मेवला अगरी ग्रामों की लगभग 231 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किए जाने का प्रस्ताव है। योजना का प्रमुख आकर्षण एवं केंद्र प्रस्तावित अंतरर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम होगा। स्टेडियम के आसपास सुनियोजित एवं आधुनिक शहरी विकास के माध्यम से क्षेत्र को एक नए विकसित शहरी केंद्र के रूप में स्थापित करने की परिकल्पना की गई है।
एयरोसिटी योजना के अंतर्गत क्षेत्र के समग्र एवं सुनियोजित विकास पर विशेष जोर दिया जाएगा। प्रस्तावित योजना में आवासीय एवं वाणिज्यिक गतिविधियों के साथ-साथ आवश्यक अवस्थापना सुविधाओं, बेहतर कनेक्टिविटी तथा आधुनिक नागरिक सुविधाओं के विकास की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे क्षेत्र में आर्थिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ रोजगार एवं निवेश के नए अवसर भी सृजित होने की संभावना है।
भूमि जुटाव की प्रक्रिया में लैंड पूलिंग को आधार बनाया गया है, जिसके अंतर्गत संबंधित भूस्वामियों की सहमति एवं सहभागिता के माध्यम से योजना को आगे बढ़ाया जाएगा। प्रथम सहमति प्राप्त होना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रारंभिक उपलब्धि है तथा प्राधिकरण द्वारा आगे भी भूस्वामियों से संवाद एवं समन्वय के माध्यम से प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

इस अवसर पर प्राधिकरण के अपर सचिव श्री प्रदीप कुमार सिंह, ओएसडी श्री राजीव रत्न, तहसीलदार श्री विवेक मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *