Dainik Athah

‘चारू चौधरी’ को टिकट चाहिये तो चेयरमैन के पास करना होगा आवेदन

राष्टÑीय लोकदल में संसदीय दल का चेयरमैन पद हुआ मजबूत

रालोद मुखिया जयंत चौधरी ने समर्थकों से केसी त्यागी की तरफ इशारा करते हुए कहा मैं भी इनसे ही मांगूंगा टिकट

बड़ी संख्या में रामपुर मनिहारन के गुर्जर समाज के लोगों ने थामा था रालोद का दामन


अशोक ओझा
नयी दिल्ली।
किसी भी रजनीतिक दल में संसदीय दल के अध्यक्ष का पद कितना महत्वपूर्ण होता है यह राष्टÑीय लोकदल के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने अपने समर्थकों के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों को बताया।
जानकारी के अनुसार तीन दिन पहले सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारन के गुर्जर समाज के सैकड़ों लोग रालोद मुखिया जयंत चौधरी को सम्मानित होने एवं रालोद में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने जयंत चौधरी के साथ ही रालोद संसदीय दल के चेयरमैन एवं पूर्व सांसद केसी त्यागी का भी स्वागत किया। इसी दौरान आये हुए लोगों ने जयंत चौधरी से कहा कि उनकी पत्नी चारू चौधरी बहुत अच्छा बोलती है। उन्होंने कहा कि रामपुर मनिहारन में चारू चौधरी ने बहुत अच्छा भाषण दिया।
इसी दौरान जयंत चौधरी से मांग की गई कि चारू चौधरी को भी चुनाव लड़वाया जाये और टिकट दिया जाये। यह सुनने के बाद जयंत चौधरी ने केसी त्यागी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि यदि वे चुनाव लड़ना चाहती है तो उनको संसदीय दल के चेयरमैन के पास आवेदन करना होगा। इसके साथ ही जयंत चौधरी ने कहा कि वे स्वयं भी इनके पास ही आवेदन करेंगे।
जयंत चौधरी ने कहा कि संसदीय दल के चेयरमैन ही किसी भी पार्टी में टिकट तय करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि रालोद ऐसी पहली पार्टी है जिसके अध्यक्ष संसदीय दल के चेयरमैन नहीं है। उनको भी आवेदन करना होगा।
जयंत चौधरी के इस बयान के निहितार्थ रालोद में दूर तलक गया है। जयंत चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को सीधा संदेश दे दिया कि किसे टिकट देना है और किसे नहीं यह संसदीय दल के अध्यक्ष केसी त्यागी ही तय करेंगे और उनके पास ही आवेदन करना होगा।
जयंत चौधरी के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि केसी त्यागी को संसदीय दल का अध्यक्ष बनाने के साथ ही उनको महत्वपूर्ण जिम्मेदरियां देकर जयंत चौधरी ने त्यागी समाज एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह के समर्थकों को बड़ा संदेश दिया है। इस मौके पर बिजनौर से सांसद चंदन चौहान, पूर्व सांसद मलूक नागर समेत अन्य लोग भी उपस्थित थे।
बाक्स

केसी त्यागी की बढ़ी जिम्मेदारी

रालोद मुखिया जयंत चौधरी के बयान के बाद अब रालोद संसदीय दल के चेयरमैन एवं पूर्व सांसद केसी त्यागी की जिम्मेदारी भी बढ़ गई है। उन्हें भी जयंत चौधरी के मानकों पर खरा उतरना होगा तथा पार्टी को यूपी के साथ ही अन्य राज्यों में मजबूत करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *