– 19-20 सितंबर को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजन
– सीता अन्नदानम, मेधा रूपम समेत कई प्रमुख हस्तियां होंगी शामिल

अथाह संवाददाता,
ग्रेटर नोएडा। समाज, मीडिया, राष्ट्र और समकालीन विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक विमर्श को मंच देने वाला दो दिवसीय ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ 19 और 20 सितंबर को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगा। इस वर्ष आयोजन की केंद्रीय थीम ‘उत्कर्ष : नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ रखी गई है।
आयोजन के समापन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगी आदित्यनाथ तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। दोनों प्रमुख अतिथि 20 सितंबर को शाम 3 से 5:30 बजे तक होने वाले समापन समारोह में सहभागियों को मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
इससे पहले 19 सितंबर को शाम 3 बजे ‘नारी शक्ति राष्ट्र वंदन यज्ञ’ से आयोजन का शुभारंभ होगा। 108 हवन कुंडों पर 1,000 से अधिक महिलाएं यजमान के रूप में शामिल होंगी। राष्ट्र सेविका समिति की अखिल भारतीय प्रमुख कार्यवाहिका सीता अन्नदानम मुख्य वक्ता, जबकि गौतम बुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम मुख्य अतिथि होंगी। प्रेरणा शोध संस्थान न्यास की अध्यक्ष प्रीति दादू अध्यक्षता करेंगी।
20 सितंबर को सुबह दो समानांतर सत्र होंगे। ‘युवा सोच, नया भारत’ में तकनीक, एआई, डिजिटल मीडिया, उद्यमिता और कौशल विकास पर चर्चा होगी। वहीं ‘सृजन संवाद’ में ‘स्वाभिमानी नारी, सशक्त भारत’ विषय पर महिला नेतृत्व के विभिन्न आयामों पर विमर्श होगा। इन सत्रों में मीडिया, शिक्षा, विज्ञान, योग, सुरक्षा और उद्यमिता क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां वक्ता के रूप में शामिल होंगी।
आयोजन में देशभर से शिक्षाविद्, पत्रकार, वैज्ञानिक, शोधार्थी, युवा उद्यमी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स भाग लेंगे। कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पूर्व पंजीकरण और प्रवेशिका अनिवार्य है।
