मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिले नोएडा विधायक पंकज सिंह
किसानों के हितों के मुद्दे पर मुख्यमंत्री से की बात, मिला भरोसा
मानवीय दृष्टि से हिंडन क्षेत्र में वैद्य बिजली कनेक्शन देने से बढ़ेगा राजस्व
बिजली चोरी करने वालों एवं अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर हो कठोर कार्रवाई
सभी मुद्दोें पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिया भरोसा: पंकज सिंह
अथाह संवाददाता
नोएडा। नोएडा विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता पंकज सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उनके समक्ष अन्नदाता किसानों के मुद्दों को उठाया, साथ ही हिंडन डूब क्षेत्र में वैद्य बिजली कनेक्शन न काटने के लिए उनका आभार जताया। इतना ही नहीं हिंडन डूब क्षेत्र में वैद्य बिजली कनेक्शन देने का मुद्दा उठाने के साथ ही बिजली चोरी करने वालों एवं अवैध गतिविधियों में लिप्त अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की गई।
बुधवार को विधायक पंकज सिंह ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र नोएडा के अन्नदाताओं (किसानों) के हितों, हिंडन क्षेत्र की कॉलोनियों में विद्युत कनेक्शन देने तथा क्षेत्र के अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों व जन-समस्याओं के समाधान हेतु विस्तृत चर्चा की।
पंकज सिंह ने मुख्यमंत्री से 31 अगस्त को हिंडन क्षेत्र की कॉलोनियों में विद्युत विभाग द्वारा विद्युत कनेक्शन काटने की कार्रवाई को रोकने के लिए आग्रह किया था। उस पर संवेदनशीलता दिखाते हुए कार्रवाई तुरंत रोकने के आदेश देने के लिए उनका धन्यवाद किया।
पंकज सिंह ने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराया कि हिंडन क्षेत्र की कई कॉलोनियों में लंबे समय से नए विद्युत कनेक्शन देने की प्रक्रिया बंद होने के कारण आज भी हजारों परिवार बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। यदि इन परिवारों को मानवीय दृष्टिकोण से सशर्त/ अस्थायी विद्युत कनेक्शन दे दिए जाएं, तो स्थानीय नागरिकों को रोजमर्रा की कठिनाइयों से मुक्ति मिलेगी। इससे न सिर्फ बिजली चोरी पर पूर्ण विराम लगेगा, बल्कि सरकार के राजस्व में भी भारी वृद्धि होगी। साथ ही, बिजली चोरी जैसी अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विषयों को अत्यंत गंभीरता से सुना और सकारात्मक निर्णय का आश्वासन दिया। विशेषकर हिंडन क्षेत्र के निवासियों के लिए उन्होंने राहत भरी बात कही कि सरकार द्वारा वैधानिक विद्युत कनेक्शन देने हेतु विधि-सम्मत अग्रिम कार्रवाई कर विद्युत कनेक्शन दिए जाएंगे। पंकज सिंह ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि शीघ्र ही इस पर सकारात्मक निर्णय आएगा।
उन्होंने विद्युत कनेक्शन देने के सकारात्मक आश्वासन के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
