Dainik Athah

लोग भाजपा के भ्रष्टाचार से परेशान और पीड़ित हैं: अखिलेश यादव

अथाह व्यूरो,
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार में हाइवे बीजेपी के लोगों की जेबे भरने के लिए बनाए गए है। इनके बनाए सभी एक्सप्रेस-वे में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और बजट की लूट हुई है। भाजपा सरकार भ्रष्टाचार को उजागर करने वालों और सच्चाई दिखाने वालों के खिलाफ हैं, जो लोग भ्रष्टाचार उजागर कर रहे हैं उन्हें धमकाया, डराया जा रहा है। भाजपा सरकार सच पर पाबंदी लगा रही है। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा के भ्रष्टाचार से परेशान और पीड़ित हैं। कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर 118 जगह सड़क टूटी और गड्ढे हो गए। जिसने सड़क बनाया उसे बोनस दिया गया है और दूसरी जगह काम भी दे दिया गया है। भाजपा सरकार में बजट की लूट चल रही है। 60 प्रतिशत कमीशन चल रहा है।
    सोमवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में श्री अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार का पैसा और संसाधन लगाकर कुछ अंडरग्राउंड, सुरंगी लोग हमारे खिलाफ षड्यंत्र करके एआई से वीडियो बना रहे हैं, अगर वे वीडियो बनाएंगे तो वीडियो इधर से भी बनेगा। उनके गाने से अच्छा गाना, हम लोग देंगे।
    श्री यादव ने कहा कि एआई का प्रयोग समाज में अच्छाई लाने के लिए होना चाहिए, नकारात्मक राजनीति के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि  एआई का प्रयोग मेडिकल और कृषि और अन्य क्षेत्रों में होना चाहिए, जिससे गरीबों को समय पर इलाज मिल जाए। किसानों को मौसम की सही जानकारी मिल जाए, बीमारियों की जानकारी हो जाए। अगर किसान और गरीब को बीमारियों और अन्य आपदाओं की पहले जानकारी हो जाए तो किसान अपनी फसल को बचा पाएगा। उन्होंने कहा कि खेत मुस्कुराएगा, तब देश मुस्कुराएगा।
  अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार सोची समझी रणनीति और साजिश करके अधिकारियों के माध्यम से प्रदेश को कम्युनल रास्ते पर ले जाना चाहती है। जब हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट से  न्याय मिल सकता था तो मस्जिद क्यों गिरा दी गयी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मामले में फेल हो चुकी है। इनके पास कोई रास्ता नहीं बचा हैं। भाषण में तो ये पहले ही कम्युनल थे अब अपने कार्य से भी कम्युनल हो गए है। भाजपा सरकार कानून और संविधान नहीं मानती हैं। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार चरम पर है। निवेश नहीं आ रहा है। नौकरियां नही हैं। भाजपा सरकार सरकारी इमारतों और संसाधनों को बेचने पर उतारू हैं। यह सरकार या तो कंगाल हो चुकी है या अपने लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए सब बेंच रही है। दिल्ली की सरकार दिल्ली से बेच रही है और लखनऊ की सरकार प्रदेश में बेंच रही है। इन बेचने वालों का इलाज इस बार जनता करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में साम्प्रदायिक माहौल बनाने की कोशिश कर रही है, इसे हमेशा के लिए खत्म किया जाएगा। सपा बंधुराष्ट्र बनाने के लिए काम कर रही है। भाईचारा बढ़ाने और सभी धर्मों को सम्मान देने का काम किया जाएगा।
    अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार खुद मिलावट करा रही है। पेट्रोल में इथेनॉल की मिलावट है। महंगाई आसमान पर है। दवाइयों में बड़े पैमाने पर घोटाला है। गरीबों को इलाज नहीं मिल रहा है। एम्बुलेंस नहीं आती है। भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा सब बर्बाद कर दिया। स्कूल बंद कर दिया। समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बंद स्कूलों पर पहुंचे तो सरकार ने पुलिस को आगे कर दिया।
    सहारनपुर जा रहे सपा प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों, सांसदों और विधायकों को उनके घरों पर रोके जाने पर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि पुलिस चोर, डकैत बदमाशों को नहीं पकड़ रही है, राजनीतिक लोगों की घेराबंदी कर रही है। सहारनपुर जा रहे समाजवादी पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों के घरों को पुलिस ने घेर रखा है।
एक सवाल के जवाब में श्री यादव ने कहा कि पीडीए प्रोग्रेसिव लोगों का एलायंस है। पीडीए में लोग एक पीड़ा से बंधे हैं। पीडीए में पीड़ित दुखी अपमानित लोग शामिल है। पीडीए एकजुट है। पीडीए की सरकार बनने जा रही है इसीलिए भाजपा वालों के पेट में दर्द हो रहा है। वे घबराए हुए है। जो पीडीए को पराया धन बता रहे हैं उनका वीडियो पार्टी के धन के साथ आया था।
    प्रदेश में बाढ़ की स्थिति को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी और मुख्यमंत्री जी के संसदीय क्षेत्र गोरखपुर में बहुत समानता हैं, दोनों जगह नाव चल रही है। एक क्यूटो बना रहे हैं, एक स्पेन बना रहे हैं। भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री जी ने वाराणसी के हेरीटेज और पुरानी संस्कृति को बर्बाद कर दिया। इस सरकार ने वाराणसी में एक लाख करोड़ का बजट धुआं कर दिया। यही हाल गोरखपुर का है वहां निर्माण कार्य ढह रहें है। जिसे स्वर्ग का रास्ता बताया था वह ढह गया। प्रयागराज में भी एक लाख करोड़ रुपए बजट आया लेकिन वहां मोहल्लों में पानी भरा है। कानपुर में भी भारी बजट खर्च हुआ। शहरों में पानी भर रहा है। मुख्यमंत्री खुद इंजीनियर बनकर डिजायन कर रहे हैं।
    श्री यादव ने कहा कि हम साधु-संतो का बहुत सम्मान करते हैं। हमेशा करते रहेंगे लेकिन जो  दरारवादी और संकीर्ण विचारधारा के लोग हैं, वे विपक्ष के खिलाफ किस तरह का वीडियो बना रहे हैं, सभी लोगों ने देखा है। पूरी सरकार इसी में लगी है, अपने पेलिटिकल मेकअप के लिए दस हजार करोड़ लगा रहे हैं, उसी जगह से विपक्ष के खिलाफ नकारात्मक प्रचार हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *