Dainik Athah

सेवा ही संकल्प, जनता का विश्वास भाजपा के साथ: नीरज सिंह

– 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’

– 20 मंडलों में होगा व्यापक आयोजन

अथाह संवाददाता,

गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी गाजियाबाद महानगर की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर मॉडर्न कॉलेज, साहिबाबाद में कार्यशाला आयोजित की गई। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में आयोजित कार्यशाला में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए नीरज सिंह ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में सेवा और जनसेवा की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा भाव के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर जनकल्याण और राष्ट्रसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाए।

उन्होंने कहा कि भाजपा 13 आयामों के माध्यम से प्रत्येक परिवार तक पहुंचेगी। अंत्योदय, राष्ट्र प्रथम और विश्व कल्याण की भावना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और कार्यशैली का मूल आधार है। इन्हीं मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए अभियान के माध्यम से व्यापक जनजागरण किया जाएगा और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाई जाएगी।

नीरज सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा का भाव सदैव सर्वोपरि रहा है। सेवा केवल एक शब्द नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना के साथ समाज के बीच सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान पार्टी की विचारधारा, जनकल्याणकारी कार्यों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ विभिन्न वर्गों से संवाद भी स्थापित किया जाएगा। कार्यकर्ताओं को अभियान को जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप देने के लिए पूरी निष्ठा और सक्रियता से जुटना होगा। साथ ही वर्ष 2027 में पुनः भाजपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ संगठन को मजबूत करने की दिशा में कार्य करना होगा।

महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि गाजियाबाद महानगर के सभी 20 मंडलों में 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान का प्रभावी शुभारंभ किया जाएगा। बूथ स्तर से लेकर मंडल और महानगर स्तर तक कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष, सेक्टर संयोजक, मंडल पदाधिकारी और महानगर के कार्यकर्ता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। अभियान की गतिविधियों को सोशल मीडिया के माध्यम से भी जनता तक पहुंचाया जाएगा।

सदर विधायक संजय शर्मा ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू होने वाले इस अभियान को पूरी गति दी जाए और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक बूथ और परिवार तक पहुंचाने के लिए संकल्पित भाव से कार्य किया जाए।

कार्यशाला में अभियान संयोजक पंकज भारद्वाज, राहुल चौधरी, सचिन डेढ़ा, महामंत्री प्रदीप चौहान, गौरव चोपड़ा, ऋचा भदौरिया, अनिल खेड़ा, सुशील गौतम, रनीता सिंह, विनोद कसाना, अनीता शर्मा, मीडिया प्रभारी नीरज शर्मा, अमित रंजन सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *