पौधरोपण महायज्ञ-2026
महर्षि चरक औषधि वन से प्रारंभ हुई थी विशिष्ट वन की श्रृंखला, ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ पर होगा विशेष कार्यक्रम
शिक्षक दिवस (5 सितंबर) पर गुरु के सम्मान में रोपे जाएंगे पौधे
लखनऊ में चंद्रिका देवी मंदिर के समीप होगा ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ पौधरोपण
शिक्षक दिवस के मुख्य कार्यक्रम पर गोरखपुर में पौधरोपण कर सकते हैं मुख्यमंत्री
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। योगी सरकार ने एक तरफ पौधरोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत एक दिन में 35.27 करोड़ से अधिक पौधे रोप कर रिकॉर्ड बनाया तो दूसरी तरफ इस वर्ष भी विशिष्ट वनों की स्थापना की गई। विशिष्ट वनों की श्रृंखला में ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ के तहत भी विशिष्ट आयोजन होगा। गुरु के सम्मान में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस पर सभी वन प्रभागों में यह आयोजन किया जाएगा।
योगी सरकार ने रचा इतिहास, 2026 में बनाया सर्वाधिक पौधरोपण का कीर्तिमान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने नया इतिहास रच दिया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ के अंतर्गत पौधरोपण महायज्ञ-2026 में पूरे प्रदेश में एक दिन (12 जुलाई, रविवारवार) में 35,27,89,926 पौधरोपण हुए। यह सरकार द्वारा तय किए गए लक्ष्य 35 करोड़ से 27,89,926 अधिक रहा। सीएम योगी ने 12 जुलाई को गोरखपुर में दो स्थानों पर पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया था।
लखनऊ में चंद्रिका देवी मंदिर के समीप लगेगा ‘एक पेड़ गुरु के नाम’
लखनऊ के प्रभागीय वनाधिकारी सितांशु पांडेय ने बताया कि विशिष्ट वनों की श्रृंखला में शिक्षक दिवस पर लखनऊ में भी पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा। यहां चंद्रिका देवी मंदिर के समीप ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यहां आगन्तुकों को स्मृति चिह्न के रूप में पौधे भी भेंट किए जाएंगे। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में शिक्षक दिवस के मुख्य कार्यक्रम में ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ पौधरोपण कर सकते हैं।
पौधरोपण महाभियान-2026 में लगाए गए विशिष्ट वन
पौधरोपण महायज्ञ-2026 के तहत गुरु के सम्मान में 5 सितंबर को प्रदेश के सभी वन प्रभागों में ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ लगाया जाएगा। इसे लेकर सभी वन प्रभागों में तैयारी पूरी हो गई है। मुख्य वन संरक्षक (प्रचार-प्रसार) अदिति शर्मा ने बताया कि इस वर्ष भी अनेक विशिष्ट वन स्थापित किए गए।
2026 में स्थापित किए गए विशिष्ट वन व अन्य कार्यक्रम
वन योगा कार्यक्रम, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर पौधरोपण, वन महोत्सव, पर्यावरण दिवस पर वृहद पौधरोपण, महर्षि चरक औषधि वन, समृद्धि वन, कपि वन, ऊर्जा वन, समरस वन, सहजन भंडारा, आम भंडारा, वंदे मातरम वाटिका, अविरल धारा पौधरोपण, मिशन छाया, एक्सप्रेस वे पौधरोपण, भाई-बहन पौधरोपण, (रक्षाबंधन वाटिका), एक पेड़ गुरु के नाम आदि।
