Dainik Athah

विस चुनाव 2027 में एकजुट होकर 2024 के लोकसभा चुनाव से अच्छा प्रदर्शन करना है: अखिलेश यादव



अथाह ब्यूरो
लखनऊ
। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि विधानसभा चुनाव 2027 में एकजुट होकर 2024 के लोकसभा चुनाव से अच्छा प्रदर्शन करना है। जनता ने समाजवादी पार्टी की सरकार लाने का मन बना लिया है। चुनाव में समाजवादी समर्थक एक भी वोट घटने न पाए। एक भी वोट छूटे न। भाजपा की साजिशों से सावधान रहें। इस बार धोखा नहीं होना चाहिए।
मंगलवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए नेताओं और कार्यकतार्ओं को सम्बोधित करते हुए यादव ने कहा कि भाजपा के कुशासन, अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त हो गयी है। जनता भाजपा को हटाना चाहती है। भाजपा सरकार में हर स्तर पर भेदभाव है। भाजपा के अन्यायी शासन के खिलाफ पीडीए एकजुट है। पीडीए की एकजुटता से भाजपा घबराई है। भाजपाई पीडीए के खिलाफ तरह-तरह की साजिश कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का पीडीए प्रोग्रेसिव और डेवलपमेंट का है। यहां प्रेम, दया, अपनापन है। समाजवादी पार्टी सबको साथ लेकर चलती है। सभी का सम्मान करती है। समाजवादी पार्टी कार्यकतार्ओं की जिम्मेदारी है कि बूथों को मजबूत करें। जनता को समाजवादी पार्टी की योजनाओं के बारे में बताएं। सबके प्रति प्रेम, दया अपनापन का व्यवहार करते हुए सबको जोड़ें।

यादव ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति करती है। भाजपा लोकतंत्र के खिलाफ है। वह लोकतंत्र, संविधान, आरक्षण के लिए खतरा है। भाजपा शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान विरोधी है। मुनाफाखोरी, कमीशनखोरी, बजट की लूट भाजपा का एजेंडा है। भाजपा सरकार इतिहास की सबसे भ्रष्ट सरकार है। इसने कमीशन के लिए सरकारी सम्पत्तियों को बेंच दिया। जेपीएनआईसी, प्लासियों मॉल, किसान बाजार, छतर मंजिल सेब बेंच दिया। समाजवादी सरकार में किसानों के लिए बनायी गयी मंडियों को बर्बाद कर दिया। भाजपा किसानों की दुश्मन है। किसान की खाद चोरी हो गयी। जब से भाजपा सरकार आयी है। हर सीजन में किसान खाद के लिए भटकता है। महंगाई के कारण खेती का लागत मूल्य बढ़ गया। भाजपा सरकार किसानों की फसलों का सही मूल्य नहीं दिला पायी। बिचौलिये फसलों की लूट करते है। भाजपा ने किसानों-नौजवानों के साथ धोखा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *