सपा कल से बूथ स्तर पर शुरू करेगी प्रचार
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में अब समय नहीं बचा है। समाजवादी पार्टी का बूथ स्तर पर प्रचार कल से शुरू हो जाएगा। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, अन्याय, अत्याचार चरम पर है। जिलों-जिलों में बड़े पैमाने पर अन्याय हो रहा है। समाजवादी पार्टी के सभी जिलाध्यक्ष अगले दो सप्ताह में जिलों-जिलों में भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और अन्याय का खुलासा करेंगे।
सोमवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश कार्यालय में पार्टी के सभी जिला-महानगर अध्यक्षों और एप के माध्यम से बूथ स्तर पर काम कर रहे पदाधिकारियों की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेस में यादव ने कहा कि वोटर लिस्ट के एसआईआर के बाद भाजपा चुनाव आयोग के माध्यम से साजिश करके दोबारा एसएआर (एनुअल रिवीजन) कराने की साजिश करेगी। नियमों के विपरीत काम किया जा रहा है। अभी-अभी एसआईआर हुआ है उसके बाद भी फार्म 7 भराए जा रहे हैं। यूपी में बड़ा षडयंत्र हो रहा है। चुनाव से पहले भाजपा एनुअल रिवीजन के नाम पर अपने वोटों को एडजस्ट करने का प्रयास कर रही है। बड़े पैमाने पर अपने लोगों को वोटरलिस्ट में शामिल करने की साजिश होगी। पता चला है कि बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ से उनके लोग वोट आकर बनाएंगे, अपना वोट बढ़ाएंगे।
यादव ने एआई के जरिए उनकी छवि खराब करने के लिए भाजपा की तरफ से बनाए जा रहे वीडियो को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार इस तरह बच्चों का खेल न खेलें। आजकल बहुत वीडियो बन रहे हैं। मेरे खिलाफ वीडियो बनाया गया। हमारे लोग भी वीडियो बना सकते हैं लेकिन हमने अपने कार्यकतार्ओं से कहा कि किसी के खिलाफ इस तरह का वीडियो नहीं बनाएं लेकिन जब हमने देखा कि सोशल मीडिया के कई हैंडल से मेरे खिलाफ बनाया वीडियो प्रसारित किया जा रहा है तो एक वीडियो हमे भी किसी ने बनाकर भेज दिया। भाजपा एआई का खेल न खेले। एआई का खेल खेलेंगे तो समाजवादी, इसमें बहुत आगे हैं। भाजपा सरकार बचपना न दिखाए। समाजवादी सरकार ने बहुत पहले लैपटॉप बांट दिया है। आने वाले समय में भी छात्रों को लैपटॉप देंगे। समाजवादी लोग घटिया टैबलेट नहीं देते, जो उंगली घिसते रहने पर भी नहीं चलता है।
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के चित्रकूट और बांदा में बाढ़ को लेकर चिंता जतायी। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में एक लाख करोड़ खर्च होने के बाद बाढ़ आयी। कुंभ और अन्य आयोजन के नाम पर इतना पैसा आया उसके बाद भी प्रयागराज में बाढ़ और जलभराव की स्थिति है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को गर्व है, कि देश का सबसे अच्छा एक्सप्रेस-वे बनाया, एचसीएल लाये, इकॉना स्टेडियम बनाया। प्रदेश के विकास का बहुत काम किया। समाजवादी पार्टी बंधुराष्ट्र बनाना चाहती है। हम लोग पीडीए है। पॉजिटिव और प्रोग्रेसिव हैं। समाजवादी सरकार ने जैसे पहले लैपटॉप बांटा था उसी तरह से बदलती टेक्नालॉजी के हिसाब से फैसला लेकर छात्रों की मदद करेंगे।
