Dainik Athah

… फिर कैसे बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल ने बांट दिये खुद के प्रत्याशी वाले फार्म

भाजपा ने अब तक घोषित नहीं किया स्रातक एमएलसी का प्रत्याशी

बैठक में मौजूद रहे शिक्षक एमएलसी प्रत्याशी श्रीचंद शर्मा की क्या थी मौन सहमति

विकास अग्रवाल पश्चिम क्षेत्र के शिक्षक सीट के हैं प्रभारी

दिल्ली से लखनऊ तक गूंजेगा स्वयंभू प्रत्याशी का मुद्दा


अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
भारतीय जनता पार्टी ने चाहे अभी तक विधान परिषद की स्रातक सीट के लिए अपना प्रत्याशी घोषित न किया हो, लेकिन पार्टी के क्षेत्रीय महामंत्री ने खुद को ही शायद प्रत्याशी मान लिया। यहीं कारण है कि दो दिन पहले हुई एक बैठक में शिक्षक प्रत्याशी के सामने ही खुद को प्रत्याशी बताने वाले मतदाता बनाने वाले फार्म वितरित कर दिये गये। बैठक शिक्षक सीट के लिए थी, लेकिन स्रातक के संयोजक और सह संयोजकों को भी उसमें बुलाया गया।
बता दें कि वर्तमान में मेरठ- सहारनपुर स्रातक सीट से दिनेश कुमार गोयल एमएलसी है, श्रीचंद शर्मा शिक्षक सीट से एमएलसी है। भाजपा ने श्रीचंद शर्मा को एक बार फिर शिक्षक सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया है, लेकिन स्रातक सीट से अब तक प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया है। इसके साथ ही क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल को शिक्षक सीट के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश का संयोजक नियुक्त किया गया है। प्रत्याशी और संयोजक पूरे क्षेत्र में लगातार बैठकें कर रहे हैं।
इसी क्रम में मंगलवार को भाजपा महानगर कार्यालय पर बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में श्रीचंद शर्मा के साथ ही विकास अग्रवाल भी मौजूद थे। अब सवाल यह है कि जब प्रत्याशी और संयोजक शिक्षक सीट के थे तब स्नातक सीट के लिए नियुक्त संयोजकों और सह संयोजकों को आखिर किस मकसद से बैठक में बुलाया गया। स्रातक सीट के लिए क्षेत्रीय महामंत्री हरीश ठाकुर संयोजक है।

विकास अग्रवाल ने बांट दिये खुद को प्रत्याशी बताने वाले फार्म
बैठक में क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल ने खुद को स्रातक प्रत्याशी बताने वाले फार्म जो मतदाता बनाने वाले थे को वितरित कर दिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं में यह चर्चा शुरू हो गई कि क्या विकास अग्रवाल को पार्टी ने प्रत्याशी घोषित कर दिया। जब कार्यकर्ताओं ने पड़ताल की तो पता चला कि अब तक कोई प्रत्याशी घोषित नहीं किया गया।

… तो क्या श्रीचंद शर्मा की मूक सहमति से वितरित किये जा रहे फार्म

अब भाजपा में यह चर्चा शुरू हो गई है कि जिस प्रकार शिक्षक सीट से संबंधित बैठकों में विकास अग्र्रवाल खुद को प्रत्याशी बताने वाले फार्म वितरित कर रहे हैं उसमें शिक्षक सीट से प्रत्याशी एवं वर्तमान में एमएलसी श्रीचंद शर्मा की मूक सहमति है। विकास अग्रवाल उनके पश्चिम क्षेत्र के संयोजक भी है। इसको लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी है कि भाजपा में यह कब से होने लगा कि कोई टिकट मांगने वाला पहले से ही खुद को प्रत्याशी बता रहा हो।

बैठक शिक्षक एवं स्रातक सीट के चुनाव के संबंध में थी जिसमें क्षेत्रीय महामंत्री विकास अग्रवाल भी मौजूद थे। अब फार्म कब वितरित किये गये इसकी जानकारी मुझे नहीं है। पार्टी जिसे भी प्रत्याशी बनायेगी उसे चुनाव लड़वाया जायेगा। मेरी फार्म वितरित करने में कोई भूमिका नहीं है।

श्रीचंद शर्मा एमएलसी एवं प्रत्याशी शिक्षक सीट

बैठक का आयोजन गाजियाबाद में किया गया था जिसमें शिक्षक एवं स्रातक सीट के संयोजक एवं सह संयोजक मौजूद थे। रही बात फार्म वितरित करने की तो टिकट मांगने वाले सभी कार्यकर्ताओं के फार्म एक ही प्रिंटर के यहां छपे हैं। प्रिंटर ने पहले जिसने भी फार्म छपवाये उनकी तर्ज पर मेरा भी फोटो लगाकर फार्म प्रिंट कर दिये। पार्टी जिसे भी प्रत्याशी घोषित करेगी उसे चुनाव लड़वाया जायेगा।

विकास अग्रवाल, क्षेत्रीय महामंत्री भाजपा पश्चिमी उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *