Dainik Athah

रक्षाबंधन पर पौधरोपण कर भाई-बहन लेंगे पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

पौधरोपण महायज्ञ-2026

विशिष्ट वनों के अंतर्गत सभी वन प्रभागों में 28 अगस्त (शुक्रवार) को स्थापित होगी रक्षाबंधन वाटिका

सीएम योगी की उत्तर प्रदेश में पर्यावरण वनाच्छादन बढ़ाने की पहल ला रही रंग

रक्षाबंधन पर्व पर रक्षासूत्र बांधकर पौधों की सुरक्षा का लिया जाएगा संकल्प


अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उत्तर प्रदेश में वनाच्छादन बढ़ाने की पहल रंग ला रही है। वन विभाग की पहल पर रक्षाबंधन पर भाई-बहन के रिश्ते को और प्रगाढ़ता देते हुए पौधरोपण कराया जाएगा। रक्षाबंधन पर पौधरोपण कर भाई-बहन पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लेंगे। ‘पौधरोपण महायज्ञ-2026’ के तहत (28 अगस्त, शुक्रवार) को सभी वन प्रभागों में भाई-बहन ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण करेंगे। वन विभाग ने इस पुनीत अवसर के लिए कई भाई-बहनों से संपर्क भी साधा है। पौधों को रक्षासूत्र बांधकर पेड़ बनाने तक का संकल्प लिया जाएगा। यहां आम लोग भी पौधरोपण कर सकेंगे। सीएम योगी के हरित आवरण को बढ़ाने के उद्देश्य को लेकर लखनऊ के साथ ही समस्त वन प्रभागों में भी इस पहल को मूर्त रूप दिया जाएगा।

रक्षासूत्र बांधकर पौधों की सुरक्षा का भी लेंगे संकल्प
पर्यावरण को स्वच्छ बनाए रखने के लिए पौधरोपण अनिवार्य है। पौधरोपण के उपरांत यहां पौधों को रक्षासूत्र भी बांधा जाएगा। फिर पौधरोपण करने वाले संकल्प लेंगे कि पौधे के पेड़ बनने तक इसकी रक्षा करेंगे। इसमें सामाजिक, सांस्कृतिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा। वन विभाग के मुताबिक हरे पौधों को रक्षासूत्र बांधकर इनकी सुरक्षा व संरक्षा का संकल्प लिया जाएगा। पेड़ छाया और आॅक्सीजन प्रदान करते हैं। जिस तरह बहनें भाई को राखी बांधती हैं तो भाई सुरक्षा का विश्वास दिलाता है, उसी प्रकार पेड़ लगाकर उसे सुरक्षा का विश्वास दिलाते हुए प्रकृति के रूप में सार्थक उपहार दिया जाएगा।

विशिष्ट वनों को स्थापित कर रही योगी सरकार
योगी सरकार सामाजिक समरसता, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन के लिए प्रयासरत है। इसके लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर विशिष्ट वन भी स्थापित किए जा रहे हैं। नवीन विशिष्ट वनों की स्थापना थीम के अंतर्गत सरकार अलग-अलग उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए कई प्रकार के वनों का निर्माण कर रही है।

यूपी में एक दिन में लगाए गए थे 35.27 करोड़ पौधे

पौधरोपण महायज्ञ-2026 के तहत एक दिन (12 जुलाई) में 35.27 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में दो स्थानों पर पौधरोपण कर इसका शुभारंभ किया था। यह अभियान पर 5 सितंबर को शिक्षक दिवस तक चलेगा। इसके तहत रक्षाबंधन पर भी पौधे लगाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *