Dainik Athah

बढ़ती महगाई के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है: अखिलेश यादव


अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जनपदों में आज सामाजिक न्याय के पुरोधा, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री बीपी मंडल की जयंती मनायी गयी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बीपी मंडल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। पिछड़े तथा वंचित वर्गो के उत्थान और सामाजिक न्याय के लिए मंडल के योगदान को याद किया।
इस अवसर पर उपस्थित पार्टी, नेताओं, कार्यकतार्ओं और समर्थकों को सम्बोधित करते हुए यादव ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। भाजपा लोकतंत्र, संविधान, आरक्षण के लिए खतरा है। भाजपा पीडीए (पीड़ित, दु:खी, अपमानित) लोगों का हक छीन रही है। भाजपा की लूट को सब समझ चुके हैं। भाजपा गैंग की तरह काम कर रही है। ये सब कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार में लगे हैं। भाजपा के करीबी उद्योगपति मुनाफा कमा रहे है। मुनाफाखोरी के कारण महंगाई बढ़ती जा रही है। त्यौहार आने वाले हैं। चीनी, तेल से लेकर खाने-पीने की सब चीजों के दाम बढ़ गये हैं। कालाबाजारी और मुनाफाखोरी करके गरीबों और मध्यम वर्ग को लूटा जा रहा है। उनकी जेब काटी जा रही है। बढ़ती महगाई के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा किसी की सगी नहीं है। प्रदेश में कानून व्यवस्था बर्बाद है। प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अपराधियों को सत्ता का संरक्षण है। निदोर्षों को सताया जा रहा है। अन्याय, अत्याचार चरम पर है। किसी को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की चालबाजी समझ चुकी है। इस बार भाजपा की कोई चालाकी नहीं चलेगी। जनता का भरोसा समाजवादी पार्टी पर है। जनता 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए फैसला कर चुकी है। समाजवादी सरकार में सभी के साथ न्याय होगा। सभी को हक और सम्मान मिलेगा। सामाजिक न्याय के राज की स्थापना होगी।
यादव ने लोकसभा, विधानसभाओं में महिलाओं के आरक्षण पर कहा कि महिला आरक्षण बिल संसद से पास होकर कानून बन चुका है। महिला आरक्षण कानून लागू होना चाहिए। उसके लिए नए परिसीमन की क्या जरूरत है?

इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, पूर्व सांसद आलोक तिवारी, यशवीर सिंह, विधायक प्रदीप यादव, राम खिलाड़ी यादव, पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा, पूर्व एमएलसी काशीनाथ यादव समेत बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *