भाजपा की क्षेत्रीय कमेटियों के लिए मंथन तेज
प्रदेश से सूची तैयार होने के बाद जायेगी दिल्ली, राष्टÑीय नेतृत्व की मुहर लगने के बाद होगी घोषणा
क्षेत्रीय कमेटियों के बाद मोर्चों की प्रदेश टीम की भी होगी घोषणा
अथाह ब्यूरो
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के सभी छह क्षेत्रों की टीमों की घोषणा करने की तैयारी में जुट गई है। इसके लिए मैराथन बैठक चल रही है जिसमें सूची को अंतिम रूप दिया जाना है। सूची तैयार होने के बाद उसे दिल्ली भेजा जायेगा जहां अंतिम मुहर लगने के बाद टीमों की घोषणा की जायेगी।
बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब छह माह का समय भी नहीं बचा है, पहले प्रदेश टीम की घोषणा में देरी हुई जिसका असर पूरे प्रदेश में देखने को मिला। अब भाजपा क्षेत्रीय टीमों की घोषणा में देरी नहीं करना चाहती। सूत्रों के अनुसार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी लखनऊ में है, इस दौरान उनकी प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह से क्षेत्रीय टीमों के गठन को लेकर लंबी मंत्रणा हुई। रविवार को भी दोनों ने इसको लेकर लंबा मंथन किया। दोनों का यह प्रयास है कि चालू सप्ताह में क्षेत्रीय टीमों की घोषणा कर दी जाये।
प्रदेश टीम में स्थान पाने से वंचित रहने वालों को मिल सकता है मौका
भाजपा सूत्रों की मानें तो जिन वरिष्ठ एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को प्रदेश टीम में अवसर नहीं है उनका समायोजन क्षेत्रीय टीमों में कर दिया जाये। इससे क्षेत्रों में अनुभवी कार्यकर्ता मिलेंगे जिससे क्षेत्रों के जिला संगठनों पर भी नजर रखी जा सकेगी। अभी तक प्रदेश को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों के साथ ही कई अन्य जिला संगठनों की रिपोर्ट ठीक नहीं मिल रही है। ऐसी स्थिति में प्रदेश नेतृत्व क्षेत्रीय टीमों के गठन में देरी करना उचित नहीं समझता।
दिल्ली में विनोद तावड़े लगा सकते हैं अंतिम मुहर
भाजपा सूत्रों के अनुसार दिल्ली में क्षेत्रीय टीमों की सूची राष्टÑीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष को सौंपी जायेगी, जिसके बाद यह सूची राष्टÑीय महामंत्री विनोद तावड़े तक पहुंचेगी। सूत्रों का दावा है कि यूपी पर दिल्ली में बैठकर नजर रख रहे विनोद तावड़े की स्वीकृति के बाद ही सूची की घोषणा होगी। बता दें कि प्रदेश टीम की घोषणा से पहले भी विनोद तावड़े कई दिन तक लखनऊ रहे थे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर वरिष्ठ मंत्रियों से सलाह की थी। इससे उनका महत्व समझा जा सकता है।
क्षेत्रीय टीमों की घोषणा के बाद ही मोर्चों को लेकर होगा मंथन
सूत्रों की मानें तो क्षेत्रीय टीमों की घोषणा के बाद ही मोर्चों की प्रदेश टीमों को लेकर मंथन शुरू होगा। केंद्रीय व प्रदेश नेतृत्व चाहता है कि मोर्चों की टीमों की घोषणा भी जल्द से जल्द कर दी जाये। जिससे प्रदेश में संगठन के कामों में तेजी आये और मोर्चों के जिलाध्यक्षों की घोषणा भी हो सके।
बाक्स
विधान परिषद प्रत्याशियों की घोषणा कभी भी संभव
भाजपा सूत्र बताते हैं कि विधान परिषद स्नातक के पांच प्रत्याशियों को लेकर पार्टी में मंथन हो चुका है। इसमें पार्टी के प्रति निष्ठा एवं पार्टी के प्रति सहयोग को देखा गया है। इसकी घोषणा आने वाले दिनों में कभी हो सकती है। यह भी पता चला है कि प्रत्याशियों को लेकर केंद्रीय नेतृत्व से भी मंथन हो चुका है।
