Dainik Athah

2027 में युवाआें के दम पर भाजपा की यूपी में फिर बनेगी सरकार: नीरज सिंह

एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के हर कार्यक्रम- योजना को जमीनी स्तर पर लागू करने का काम करेंगे

2024 में विपक्ष ने झूठ बोलकर जनता को गुमराह किया, उसके झूठ की हवा निकल चुकी है: प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार 18 से 35 वर्ष के युवाओं को ध्यान में रखकर योजना बना रही है: नीरज सिंह

संविधान अक्षुण व अखंड है, संविधान के अनुरूप कार्यशैली व आचरण रहेगा


अशोक ओझा
लखनऊ/नयी दिल्ली।
भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता एवं प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि 2027 में युवाओं के दम पर भाजपा फिर से उत्तर प्रदेश में सरकार बनायेगी। उन्होंने कहा कि 2024 में विपक्ष ने झूठ बोलकर नेरेटिव सैट किया, लेकिन जनता समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार 18 से 35 वर्ष के युवाओं को केंद्र में रखकर योजना बना रही है। इन योजनाओं को जल्द ही धरातल पर उतारने का काम सरकार करेगी।
दैनिक अथाह से बात करते हुए देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा एक कार्यकर्ता के रूप में पार्टी के हर कार्यक्रम व योजना को जमीनी स्तर पर लाने का काम करेंगे। जिसके तहत सिस्टेमेटिक ढ़ंग से हर व्यक्ति को लाभान्वित कर सकें ऐसी योजना बनाई जा रही है।

2024 में विपक्ष ने झूठ बोलकर जनता को गुमराह किया, 2027 सुखद संदेश लेकर आयेंगे: नीरज सिंह
नीरज सिंह ने कहा कि 2024में विपक्ष ने झूठ बोलकर नेरेटिव सैट किया और जनता को संविधान के नाम पर भ्रमित करने का काम किया और आंशिक सफलता प्राप्त की, लेकिन जनता विपक्ष के झूठ को समझ चुकी है कि संविधान उसी प्रकार अखंड एवं अक्षुण है। उसके साथ कोई छेड़छाड़ नहीं कर सकता। आगे भी संविधान के अनुरूप ही कार्यशैली व आचरण रहेगा। इतने समय में विपक्ष के झूठ को ध्वस्त करने का काम किया है। 2027 कार्यकर्ताओं के बल पर सुखद संदेश लेकर आयेंगे।

कुछ युवाओं को भ्रमित कर राजनीति लाभ उठाने का प्रयास किया: भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने जंतर मंतर पर काकरोच जनता पार्टी के आंदोलन को लेकर कहा कुछ युवाओं को भ्रमित कर कर राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास कुछ राजनीतिक दलों ने किया, वे यह बतायें कि युवाओं का भला किसने किया, युवाओं का भला यदि किसी ने किया तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने किया।

यूपी की सभी परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई
नीरज सिंह बताते हैं कि यूपी की सभी परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हुआ, जिसका लाभ भी युवाओं को मिला और नौकरी मिली। उन्होंने समाजवादी पार्टी से सवाल पूछा कि उसकी सरकार में युवाओं के साथ क्या हुआ था यह सभी जानते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी जी के राज में सभी के साथ न्याय और समान व्यवहार होगा
यूपीसी के मुद्दे पर सवर्ण समाज आंदोलित है, इस सवाल के जवाब में भाजपा के युवा नेता नीरज सिंह ने कहा कि यह मामला कोर्ट में है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन में सवर्ण समाज, पिछड़ा समाज, दलित समाज सभी के साथ न्याय और समान व्यवहार होगा तथा सभी के हितों का ध्यान रखा जायेगा।

संगठन के माध्यम से युवाओं को भाजपा से जोड़ने का काम करूंगा: नीरज सिंह

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने कहा कि वे संगठन के माध्यम से युवाओं को भाजपा से जोड़ने का काम करेंगे तथा विशेष कार्यक्रम चलाये जायेंगे। इसके तहत सितंबर में लखनऊ में विशाल रोजगार मेला लगाने जा रहे हैं। इसके साथ ही मुख्यमत्री योगी आदित्यनाथ जी ने भी एक इंडिपिडेंट यूथ फोरम बनाने का काम किया है जो सरकार की सभी योजनाओं को युवाओं तक पहुंचायेगा। इसमें मुख्य रूप से 18 से 35 वर्ष के युवाओं पर फोकस किया जा रहा है। सभी योजनाएं इसी आयु वर्ग के युवाओं को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है। उन्होंने एक बार फिर कहा कि 2027 में भाजपा की सरकार लगातार तीसरी बार बनने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *