Dainik Athah

गृह मंत्री हर सवाल का जवाब देने आ रहे हैं, भागना मत और चर्चा से डरना मत राहुल गांधी: ब्रजेश पाठक

राहुल गांधी देश में अराजकता और झूठ के पोस्टर बॉय का प्रतीक बन गए हैं


अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक नें मंगलवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि राहुल गांधी जी, गृह मंत्री आपके हर सवाल का जवाब देने सदन में आ रहे हैं, अब मैदान छोड़कर भागना मत और चर्चा से डरना मत। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने संसदीय इतिहास की सारी गरिमा और मयार्दा को तार-तार कर दिया है। राहुल गांधी देश में अराजकता और झूठ के पोस्टर बॉय का प्रतीक बन गए हैं।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि पूरा देश 15 दिनों से देख रहा है कि राहुल गांधी ने किस तरह बार-बार झूठ बोल कर और भ्रम फैला कर संसद को हाईजैक किया हुआ है। राहुल गांधी हर दिन अपना गोलपोस्ट चेंज कर रहे हैं, उनका मकसद संवाद करना नहीं बल्कि अराजकता फैलाना है। राहुल गांधी ने पहले कहा कि शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना होगा। फिर कहा कि सदन में नीट पर चर्चा होना चाहिए। सरकार ने केवल चर्चा ही नहीं की बल्कि पेपर लीक पर कानून को और सख्त बनाया। राहुल गांधी ने फिर एक नया बहाना बनाते हुए कहा कि जंतर-मंतर प्रोटेस्ट पर गृह मंत्री श्री अमित शाह जी सदन में बयान दें। जबकि सरकार पहले दिन से कह रही थी कि कांग्रेस और विपक्ष पहले सदन चलने तो दे, हम हर विषय पर चर्चा करने और जवाब देने के लिए तैयार हैं। लेकिन कांग्रेस ने संसद चलने नहीं दिया। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने जब स्पष्ट कर दिया कि गृह मंत्री सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं, तो राहुल गांधी ने फिर अपना गोलपोस्ट चेंज कर लिया। कल प्रेस कांफ्रेंस कर राहुल गांधी ने फिर से झूठ बोला कि जंतर-मंतर पर गोली चली। कोई गोली नहीं चली है। राहुल गांधी झूठ बोलना बंद करो। एक भी गोली कहीं नहीं चली है। राहुल गांधी, कब तक झूठ बोलते रहोगे?
पाठक ने कहा कि राहुल गांधी हर दिन नया झूठ बोलते हैं और भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करते हैं। ये चाहते ही नहीं कि चर्चा हो और गृह मंत्री जवाब दें, क्योंकि अगर चर्चा हुई और सरकार ने जवाब दिया तो राहुल गांधी का हर झूठ और भ्रम का हर जाल तहस-नहस हो जाएगा। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री हर सवाल का जवाब देने आ रहे हैं। भागना मत और चर्चा से डरना मत राहुल गांधी।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को जंतर-मंतर के छात्रों के प्रदर्शन पर तो राजनीति करनी होती है लेकिन झारखंड के छात्रों की आवाज उनके कानों तक नहीं पहुंचती। झारखंड में जहां उनकी जेएमएम के साथ सरकार है, वहां राहुल गांधी के इशारे पर कंटीले तारे लगाकर, लाठीचार्ज कर, आंसू गैस के गोले छोड़ कर और वाटर कैनन का इस्तेमाल कर छात्रों पर अत्याचार किया जा रहा है लेकिन राहुल गांधी वहां छात्रों के साथ खड़े नहीं होंगे, क्योंकि उन्हें सुविधा की राजनीति करनी है। उन्होंने कहा कि यह सब राहुल गांधी के इशारे पर हो रहा है। राहुल गांधी जवाब दो और छात्रों के नाम पर देश को गुमराह करने और सुविधा की राजनीति के लिए देश की जनता से माफी मांगो।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी भारी मन और गहरे आक्रोश में है। झारखंड की राजधानी रांची की सड़कों पर जो कुछ भी हुआ है, उसने पूरे देश के लोकतांत्रिक ढांचे और मानवता को शर्मसार कर दिया है। अपने अधिकारों और रोजगार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निहत्थे और निर्दाेष छात्रों पर कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा की ठगबंधन सरकार ने जिस बर्बरता से लाठियां बरसाई है. वह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है और इसकी जितनी भी निंदा की जाय, कम है। इस समय पूरा देश देख रहा है कि झारखंड में छात्र अपने मुद्दों को लेकर न केवल संघर्ष कर रहे हैं, बल्कि शांतिपूर्ण, मर्यादित और अनुशासित संघर्ष कर रहे हैं। न कोई अभद्र भाषा आ रही है, और न ही कोई वहां गाली-गलौज की भाषा आ रही है। फिर भी कांग्रेस-जेएमएम सरकार छात्रों पर अत्याचार कर रही है।
उन्होंने कहा कि रांची में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के रास्ते में कंटीले तार बिछाए गए, जैसे वे कोई आतंकवादी हों। उन पर आंसू गैस के गोले दागे गए और दौड़ा-दौड़ा कर बर्बर लाठीचार्ज किया गया। इतना ही नहीं, कई छात्रों ने ये भी शिकायत की है कि छात्राओं के कपड़े भी फाड़े गए, लेकिन छात्रों के हित का दंभ भरने वाले स्वयंभू छात्र नेताओं और राहुल गाँधी को उनकी चीखें क्यों सुनाई नहीं दे रही? इन लोगों का उद्देश्य 100 फीसदी राजनीति करना है और किसी न किसी मौके का लाभ उठाकर देश के अंदर अस्थिरता उत्पन्न करना
पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी झारखंड के युवाओं और छात्रों के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। छात्रों की मांग को तुरंत कांग्रेस पार्टी और जेएमएम की सरकार पूरा करे। ऐसी भी जानकारी है कि राहुल गांधी के इशारे पर नौकरी में धांधली और पेपर लीक के खिलाफ झारखंड की राजधानी रांची में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और युवाओं पर बर्बरतापूर्वक अत्याचार किया गया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों की गूंज तो सुनाई देती है, लेकिन झारखंड के छात्रों की गूंज क्यों सुनाई नहीं देती? कहां है राहुल गांधी की सहानुभूति- दिल्ली में झूठी हमदर्दी दिखाने वाले राहुल गांधी झारखंड के छात्रों के आंसू पोंछने क्यों नहीं जाते? क्योंकि उन्हें छात्रों के भविष्य से कोई लेना-देना नहीं है. उन्हें केवल ह्यसुविधा की राजनीतिह्य करनी है। जहाँ उनकी सरकार पुलिसिया ज्यादती करती है, वहाँ वे मौन धारण कर लेते हैं और जहाँ उन्हें राजनीतिक रोटियां सेंकनी होती हैं. वहाँ वे फर्जी विमर्श खड़ा करते हैं।
ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी से प्रश्न किया कि अपने भविष्य और अधिकारों की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे युवाओं के साथ इस तरह का दमन क्यों? क्या छात्रों का समर्थन भी अब राजनीतिक सुविधा और एजेंडे के हिसाब से तय होगा? उन्होंने कहा कि हम झारखंड में छात्रों पर हुए बर्बर अत्याचार की कड़ी निंदा करते हैं और मांग करते हैं कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी अपने इस दोहरे रवैये पर देश के युवाओं से माफी मांगे। राहुल गांधी को जवाब देना ही होगा।

पाठक ने कहा कि राहुल गांधी आज केवल एक विफल नेता ही नहीं रह गए हैं, बल्कि वे देश में अराजकता और झूठ के पोस्टर बॉय बन गए है। असलियत यह है कि राहुल गांधी चाहते ही नहीं कि माननीय गृह मंत्री जी सदन में जवाब दें। उन्हें डर है कि अगर चर्चा हुई और गृह मंत्री जी ने सभी तथ्य रखे, तो राहुल गांधी के झूठ और भ्रम का पूरा जाल तहस-नहस हो जाएगा। देश का युवा अब कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र को समझ चुका है। झूठ की बुनियाद पर खड़ी राहुल गांधी की यह राजनीति बहुत जल्द औंधे मुंह गिरने वाली है। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दूबे भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *