Dainik Athah

मौलाना साजिद रशीदी के भड़काऊ बयान पर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने हजरतगंज कोतवाली में दी तहरीर

अथाह व्यूरो,

लखनऊ। लोनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने मौलाना साजिद रशीदी  के कथित आपत्तिजनक एवं भड़काऊ बयान को लेकर लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली प्रभारी को तहरीर देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने आरोप लगाया कि संबंधित बयान से करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इससे सामाजिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

विधायक द्वारा दी गई तहरीर में कहा गया है कि विधानसभा सत्र के दौरान उन्हें उक्त बयान की जानकारी प्राप्त हुई। उनका आरोप है कि मौलाना साजिद रशीदी ने कांवड़ियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जिससे समाज में तनाव पैदा होने की आशंका है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि संबंधित व्यक्ति पूर्व में भी विवादित बयान देता रहा है।

तहरीर में विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज करने तथा आवश्यक होने पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) सहित अन्य कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।

विधायक ने कहा कि किसी भी धर्म या समुदाय की आस्था को ठेस पहुंचाने वाले बयानों को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन से समयबद्ध कार्रवाई कर प्रदेश में शांति, कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *