Dainik Athah

राष्ट्रपति मुर्मु ने दिखाई Soldierathon 2026 को हरी झंडी, राष्ट्रपति भवन में गूंजा वीरों के सम्मान का संदेश

अथाह ब्यूरो,

नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन में आयोजित गरिमामयी समारोह में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने प्रथम President’s Bodyguard Soldierathon 2026 को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। यह आयोजन भारतीय सशस्त्र बलों की सबसे वरिष्ठ रेजिमेंट The President’s Bodyguard के 253 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया।

वर्ष 1773 में स्थापित The President’s Bodyguard विश्व की एकमात्र Airborne Cavalry Regiment है, जिसने ढाई शताब्दियों से अधिक समय तक शौर्य, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की गौरवशाली परंपरा को कायम रखा है। इस विशिष्ट रेजिमेंट के सैनिक पैराट्रूपर और टैंकमैन दोनों भूमिकाओं में दक्ष होते हैं। वे राष्ट्रपति भवन की परंपराओं का निर्वहन करने के साथ-साथ सियाचिन जैसे दुर्गम सीमावर्ती क्षेत्रों में भी राष्ट्र की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।

इस अवसर पर कारगिल विजय के 27 वर्ष पूर्ण होने पर शहीद वीर सैनिकों के अद्वितीय साहस, सर्वोच्च बलिदान और मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। Soldierathon 2026 को वीर जवानों के सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने की प्रेरणादायी पहल बताया गया।

समारोह के दौरान मिजोरम के राज्यपाल एवं पूर्व थल सेना  अध्यक्ष जनरल वीके सिंह एवं  मेजर जनरल वूदेव परिडा के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को Soldierathon की जर्सी भेंट की गई। इसे सैनिकों, नागरिकों और राष्ट्र के प्रथम नागरिक के बीच एकता, सम्मान और राष्ट्रहित की साझा भावना का प्रतीक बताया गया।

आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि The President’s Bodyguard अपनी गौरवशाली विरासत, उत्कृष्ट सेवा और राष्ट्र के प्रति अविचल समर्पण से आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में संदेश दिया गया कि “वीरों का सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान है और उनकी गौरवगाथा सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणा का अमर स्रोत बनी रहेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *