Dainik Athah

मोदीनगर- बागपत विधानसभा क्षेत्रों के बीच डा. मंजू शिवाच ने मंजूर करवाया था पुल

पुल कोई मंजूर करवायें बागपत सांसद- विधायक मुफ्त में लेना चाहते हैं श्रेय

21 करोड़ से ज्यादा लागत से बनना है मोदीनगर विधानसभा के मटौर और बागपत के डोलचा के बीच पुल

17 जुलाई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादनगर से किया था शिलान्यास


अथाह संवाददाता
गाजियाबाद।
पुल कोई मंजूर करवाये और उसका श्रेय लेने की होड़ में कोई और लग जाये इस समय मोदीनगर विधायक और बागपत विधायक के बीच कुछ ऐसा ही हो रहा है। 21 करोड़ रुपये से अधिक लागत का पुल मोदीनगर विधायक डा. मंजू शिवाच ने मंजूर करवाया था, लेकिन बागपत विधायक योगेश धामा इसका श्रेय लेना चाहते हैं। रही बात सांसद डा. राजकुमार सांगवान की तो वे भी वोटों के चक्कर में बागपत वालों के सुर में सुर मिला रहे हैं।
बता दें कि मोदीनगर विधानसभा के मटौर एवं बागपत के डोलचा के बीच पुल की मांग लंबे समय से की जा रही थी। मोदीनगर विधायक डा. मंजू शिवाच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पिछले साढ़े तीन वर्ष से लगातार पत्र सौंपकर इस पुल की मांग कर रही थी। उनके प्रयासों से मुख्यमंत्री ने पुल की मंजूरी प्रदान कर दी, लेकिन बागपत के जिन विधायक योगेश धामा को इसकी जानकारी ही नहीं थी उन्होंने इसका श्रेय लेने का प्रयास शुरू कर दिया। इतना ही नहीं उन्होंने लोक निर्माण विभाग पर दबाव बनाना शुरू कर दिया कि पुल को बागपत में शामिल कर वहीं से काम शुरू किया जाये। सूत्र बताते हैं कि इसका कारण वोट है। धामा की नजरें डोलचा के वोटों पर है।
बात यहीं समाप्त नहीं होती बागपत के रालोद सांसद डा. राजकुमार सांगवान के लोकसभा क्षेत्र में मोदीनगर और बागपत दोनों विधानसभा क्षेत्र शामिल है। लेकिन वे भी डोलचा के अधिक वोटों पर नजर रखे हुए हैं और इस पुल को बागपत में धकेलना चाहते हैं। हालांकि बागपत के सांसदों पर मोदीनगर की उपेक्षा के आरोप लगते रहते हैं।
बाक्स

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर चुके हैं 17 जुलाई को शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 17 जुलाई को मुरादनगर में पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. राजपाल त्यागी की प्रतिमा का अनावरण करने आये थे उस समय उन्होंने मोदीनगर एवं मुरादनगर विधानसभा क्षेत्रों की दर्जनों विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया था। इसी दौरान उन्होंने मटौर एवं डोलचा के मध्य पुल निर्माण का शिलान्यास मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्य के रूप में किया था।

साढ़े तीन वर्ष के अथक प्रयासों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने मेरी मांग का संज्ञान लेते हुए मोदीनगर विधानसभा के मटौर एवं बागपत विधानसभा के डोलचा के बीच 21 करोड़ रुपये लागत के पुल को मंजूरी दी थी। मुख्यमंत्री ने स्वयं 17 जुलाई को पुल का शिलान्यास भी कर दिया। मैंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा है कि पुल का निर्माण मटौर क्षेत्र से जल्द शुरू किया जाये। संबंध में जिलाधिकारी गाजियाबाद से भी बात की है।


डा. मंजू शिवाच

विधायक मोदीनगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *