
अथाह ब्यूरो ,
लखनऊ/आजमगढ़।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को आजमगढ़ में आजमगढ़, लालगंज, मऊ और बलिया के जिलाध्यक्षों, विधायकों, मंडल अध्यक्षों, अनुसूचित जाति मोर्चा पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में मंडल संगठन ही भाजपा की विजय का आधार बनेगा।
धर्मपाल सिंह ने मंडल अध्यक्षों से आदर्श मंडल निर्माण, नियमित बैठकों, कार्यकर्ताओं की जवाबदेही और बूथ सशक्तीकरण पर जोर देते हुए कहा कि मजबूत मंडल से शक्ति केंद्र और बूथ मजबूत होंगे। उन्होंने संगठनात्मक कार्यक्रमों में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी बढ़ाने का भी आह्वान किया।
अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक में उन्होंने संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अनुसूचित जाति वर्ग तक पहुंचाई जाए तथा विपक्ष के कथित दुष्प्रचार का तथ्यों के आधार पर जवाब दिया जाए।
जिलाध्यक्षों और विधायकों के साथ बैठक में धर्मपाल सिंह ने संगठनात्मक अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लगातार जनता तक पहुंचाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि निरंतर जनसंपर्क और जनसंवाद से संगठन मजबूत होगा और चुनाव में जीत का अंतर भी बढ़ेगा।
