मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछड़ा समाज पूरी मजबूती के साथ खड़ा, विपक्ष के खिलाफ जोरदार बल्लेबाजी करते रहें : प्रकाश पाल
भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एवं प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह को भेंट किये क्रिकेट के बैट

अशोक ओझा
लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल इन दिनों भाजपा के प्रमुख नेताओं को क्रिकेट के बल्ले भेंट कर रहे हैं। उनका कहना है कि इन ओबीसी मोर्चा के बल्ले से धुआंधार बल्लेबाजी कर भाजपा उत्तर प्रदेश में जीत की हैट्रिक लगाये और लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत लायें।
प्रकाश पाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश में पिछड़ा मोर्चा द्वारा संचालित संगठनात्मक एवं सामाजिक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से पिछड़ा समाज के सशक्तिकरण, संगठन विस्तार तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तार से चर्चा की।
भेंट के दौरान प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने योगी आदित्यनाथ को एक क्रिकेट बैट भेंट करते हुए प्रतीकात्मक रूप से कहा कि आप विपक्ष के खिलाफ इसी प्रकार जोरदार बल्लेबाजी करते रहिए। उन्होंने कहा भाजपा पिछड़ा मोर्चा का एक-एक कार्यकर्ता तथा प्रदेश का सम्पूर्ण पिछड़ा समाज आपके नेतृत्व में चट्टान की तरह आपके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय की नई इबारत लिखी गई है, जिसका लाभ समाज के सभी वर्गों विशेषकर पिछड़े समाज को मिला है।

प्रकाश पाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि भाजपा पिछड़ा मोर्चा प्रदेश के प्रत्येक जिले, मंडल एवं बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। मोर्चा के कार्यकर्ता समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित कर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछड़ा समाज को सम्मान, सुरक्षा और विकास के नए अवसर प्राप्त हुए हैं, जिससे समाज में भाजपा के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा का पिछड़ा मोर्चा सामाजिक समरसता, संगठनात्मक मजबूती और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ कार्य कर रहा है तथा आगामी समय में बूथ स्तर तक जनजागरण एवं सामाजिक संपर्क अभियानों को और अधिक गति प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज ने भी पिछड़ा मोर्चा के कार्यों की सराहना करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
बता दें कि इससे पूर्व प्रकाश पाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह को भी इसी प्रकार क्रिकेट के बैट भेंट किये। उन्होंने कहा कि भाजपा ओबीसी मोर्चा पूरे प्रदेश में कार्यक्रम आयोजित कर सपा प्रमुख अखिलेश यादव के पीडीए की पोल खोलेगा। उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा अखिलेश जी इस सनातन के साथ बहुत हो गया तुष्टिकरण, अब और नहीं। इसके साथ ही उन्होंने कहा इस बार यादव समाज भी पूरी तरह भाजपा के साथ नजर आयेगा।
प्रकाश पाल ने कहा कि क्रिकेट बैट भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेताओं को भेंट किये जायेंगे जिससे वे भी बल्लेबाजी करें और जीत की हैट्रिक लगायें।
