जिला प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में हुई कोर कमेटी की बैठक
एक प्लाट की दो से तीन बार हो रही रजिस्ट्री
अवैध खनन करने वालों पर भी कार्रवाई का मुद्दा

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के समक्ष अवैध कालोनियों, एक प्लाट को दो से तीन बार बेचने, मोदीनगर में आरओबी निर्माण की धीमी गति के साथ ही सर्विस रोड पर गड्ढों समेत अनेक मुद्दे उठे।
रविवार को विकास भवन में हुई कोर कमेटी की बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों के साथ ही प्रशासनिक, पुलिस, नगर निगम एवं जीडीए के अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्य विकास अधिकारी के कार्यालय में हुई बैठक में लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने मुद्दा उठाया कि लोनी में अवैध कालोनियां बन रही है। इसके साथ ही उन्होंने सब रजिस्ट्रार लोनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ही प्लाट दो से तीन बार बिक जाता है जिसकी रजिस्ट्री भी हो जाती है। उन्होंने इसके ऊपर रोक लगाने की मांग की। इसका मोदीनगर विधायक डा. मंजू शिवाच ने समर्थन करते हुए कहा कि मोदीनगर में भी इस प्रकार के कुछ मामले आये हैं।
इसके साथ ही मोदीनगर में हापुड़ रोड पर निर्माणाधीन रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का मुद्दा भी उठा। डा. मंजू शिवाच ने कहा कि आरओबी का निर्माण कार्य एक तरफ जहां धीमी गति से चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ कांवड़ यात्रा शुरू होने वाली है, लेकिन सर्विस रोड पर बड़े बड़े गड्ढे बन गये हैं जहां आये दिन दुर्घटनाएं हो रही है, लेकिन ठेकेदार का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी दिन ठेकेदार की लापरवाही से कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस मामले में ठेकेदार और सेतु निगम के अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं। जल्द ही सड़क की मरम्मत की जायेगी।
इसके साथ ही पुलिस का मुद्दा भी उठा कि जन प्रतिनिधियों को पुलिस से कुछ मामलों में बात करनी पड़ती है। जो शिकायत क्षेत्र से आती है और विधायक की तरफ से पुलिस के समक्ष उठाया जाता है ऐसे मामलों में जांच होनी चाहिये, न कि चौकी प्रभारी जो एसएचओ को बतायेगा उसे ही आगे तक बढ़ाया जायेगा।
बैठक में अवैध खनन का मुद्दा भी उठा। कहा गया कि इसके ऊपर रोक लगनी चाहिये ऐसा न हो कि अवैध खनन के कारण सड़कों और खेतों को नुकसान पहुंचाया जाता रहे। प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने इन मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों को कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
बैठक में प्रभारी मंत्री के साथ ही सांसद अतुल गर्ग, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, विधायक नंद किशोर गुर्जर, अजीत पाल त्यागी, डा. मंजू शिवाच, संजीव शर्मा, एमएलसी दिनेश गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता त्यागी, पुलिस आयुक्त जे रविंद्र गौड़, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ, जीडीए सचिव विवेक मिश्रा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
