Dainik Athah

बगैर सक्रिय सदस्य के कैसे बन जाते हैं प्रदेश पदाधिकारी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के सामने आया बड़ा सवाल

पार्टी में जमकर बिके पार्षद- चेयरमैन के टिकट

ऐसे लोगों की सूची बनें जिन्होंने पार्टी के खिलाफ कभी काम नहीं किया

अथाह संवाददाता
गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी गाजियाबाद आये तो उनके सामने बड़े सवाल खड़े हुए। इन सवालों के जवाब उन्हें भी नहीं सूझ रहे कि क्या जवाब दें।
पूर्व विधायक रूप चौधरी ने दर्द साझा करते हुए कहा कि उन्होंने उस समय विधानसभा चुनाव जीता था जब चारों तरफ अपराधियों का बोलबाला था। उन्होंने कहा कि इसी कारण उनके दो लोगों की हत्या भी हुई। इसके साथ ही कहा कि यदि भाजपा में मंडल अथवा जिले में कोई पदाधिकारी बनता है तो उसका सक्रिय सदस्य होना आवश्यक है। उन्होंने सवाल किया कि प्रदेश में कैसे ऐसे लोग पदाधिकारी बन जाते हंै जो पार्टी के सक्रिय सदस्य नहीं है। यह पीड़ा सभी कार्यकर्ताओं की है।
इसके साथ ही कहा गया कि निकाय चुनाव में सभासद, पार्षद से लेकर चेयरमैन तक के टिकट बिके हैं। उन्होंने इसको लेकर पूर्व के पदाधिकारियों को निशाने पर लिया, बगैर नाम लिये भी उन्होंने पूर्व के अध्यक्षों पर निशान साध दिया। इसके साथ ही सुझाव दिया गया कि ऐसे कार्यकर्ताआें की सूची बनाई जाये जिन्होंने कभी भी पार्टी के खिलाफ काम नहीं किया। ऐसे लोगों को पार्टी में जिम्मेदारी दी जाये।
बाक्स

जिला- महानगर में ऐसे लोग पदाधिकारी जो सक्रिय सदस्य नहीं!
जिस समय रूप चौधरी प्रदेश टीम पर निशाना साध रहे थे उस समय पीछे बैठे कार्यकर्ताओं में चर्चा थी कि जिला व महानगर में भी ऐसे पदाधिकारी काफी संख्या में है जो सक्रिय सदस्य नहीं है, लेकिन इसकी तरफ रूप चौधरी का ध्यान नहीं है। जिले में ऐसे कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक है।
बाक्स

प्रमुख कार्यकर्ताओं को घर आने का आमंत्रण दे गये पंकज चौधरी
सूत्रों के अनुसार पंकज चौधरी जब गाजियाबाद आये थे उससे पहले वे फीडबैक लेकर भी आये थे, यहीं कारण है कि कुछ जिम्मेदार कार्यकर्ताओं का नाम लेकर उन्होंने महानगर अध्यक्ष से कहा कि उनसे मिलना है। इतना ही नहीं मुलाकात होने पर कुछ प्रमुख कार्यकर्ताओं को अपने घर आने का निमंत्रण भी देकर गये। जिस प्रकार पंकज चौधरी फीडबैक लेकर गये हैं उससे पुराने कार्यकर्ताओं को उम्मीद बंधी है कि उनके भी दिन बदलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *