Dainik Athah

राहुल गांधी संसद की राजनीति नहीं बल्कि कैमरे की राजनीति कर रहे हैं: पंकज चौधरी

सरकार संसद के भीतर हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष का उद्देश्य भ्रम फैलाना है

अथाह ब्यूरो
लखनऊ।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने गुरुवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार संसद के भीतर हर विषय पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन विपक्ष का उद्देश्य चर्चा नहीं बल्कि व्यवधान उत्पन्न करना और भ्रम फैलाना है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी विपक्ष ने संविधान परिवर्तन और चुनावी सुधार जैसे विषयों पर देश में भ्रम फैलाने का प्रयास किया था, जबकि सरकार ने संसद में विस्तृत चर्चा के माध्यम से सभी तथयों को स्पष्ट किया था।
चौधरी ने कहा कि आज भी सरकार नीट पेपर लीक अथवा किसी भी अन्य विषय पर सदन में चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष संसद नहीं चलने देना चाहता। उन्होंने राहुल गांधी के हालिया बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वयं कांग्रेस के नेताओं के वक्तव्यों से स्पष्ट हो चुका है कि विपक्ष का एजेंडा चर्चा नहीं बल्कि व्यवधान पैदा करना है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस द्वारा किए गए प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ कि प्रधानमंत्री आवास के सामने किसी राजनीतिक दल ने धरना दिया हो। प्रधानमंत्री किसी एक दल के नहीं बल्कि पूरे देश के प्रधानमंत्री होते हैं। उन्होंने इसे राजनीति का निम्नतम स्तर बताते हुए कहा कि राहुल गांधी संसद की राजनीति नहीं बल्कि कैमरे की राजनीति कर रहे हैं और खोया हुआ जनाधार वापस पाने के लिए इस प्रकार के राजनीतिक प्रदर्शन कर रहे हैं।
पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा देश के युवाओं को किसी राजनीतिक दल का नहीं बल्कि राष्ट्र का भविष्य मानती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की सभी नीतियों के केंद्र में युवा शक्ति है। उन्होंने कहा कि जैसे ही नीट परीक्षा में अनियमितताओं की जानकारी मिली, सरकार ने तुरंत परीक्षा रद्द कर पुन: परीक्षा आयोजित कराई, जिसका परिणाम भी घोषित हो चुका है। सरकार विद्यार्थियों के भविष्य के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए छात्रों का हित सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री ने पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को शीघ्र एवं कठोर दंड दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन के निर्देश दिए हैं, ताकि ऐसे मामलों का त्वरित निस्तारण हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
भजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह समय छात्रों की समस्याओं के समाधान का है, न कि राजनीति करने का। यदि विपक्ष के पास नीट और पेपर लीक की समस्या के समाधान के लिए कोई सुझाव हैं तो उन्हें संसद में चर्चा के दौरान रखना चाहिए। सरकार जिस भी नियम के अंतर्गत और जितनी देर तक चर्चा करनी हो, उसके लिए पूरी तरह तैयार है, लेकिन विपक्ष चर्चा से भागकर केवल भ्रम और अराजकता फैलाना चाहता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी अनेक पेपर लीक की घटनाएं हुई थीं, जबकि मोदी सरकार ने परीक्षा प्रणाली को लीक-प्रूफ बनाने के लिए कड़े कानूनी एवं प्रशासनिक कदम उठाए हैं। अनेक आरोपियों की गिरफ्तारियां हुई हैं तथा हाल के दिनों में कई परीक्षाएं सफलतापूर्वक और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई हैं।
चौधरी ने कहा कि देश में 2014 में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी की केन्द्र में सरकार बनने के बाद से देश में एम्स, आईआईटी, मेडिकल कॉलेजों और उच्च शिक्षा संस्थानों की संख्या तथा सीटों में ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। सरकार का उद्देश्य केवल आलोचना करना नहीं बल्कि शिक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाना है।

पत्रकार वार्ता के दौरान पंकज चौधरी ने विपक्ष से चार प्रश्न भी पूछे यदि सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है तो विपक्ष संसद क्यों नहीं चलने दे रहा है?, राहुल गांधी संसद छोड़कर सड़क की राजनीति क्यों कर रहे हैं?, युवाओं की समस्याओं के समाधान के बजाय उन पर राजनीति क्यों की जा रही है?, जब री-नीट सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है, तब भी भ्रम फैलाने की राजनीति क्यों की जा रही है?, चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र, संविधान, संवाद और विकास में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष संसद को चलने दें, लोकतंत्र को मजबूत करें और युवाओं के भविष्य जैसे गंभीर विषयों पर सकारात्मक चर्चा में भाग लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *