Dainik Athah

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बनेगी प्रदेशस्तरीय कमेटी, सीएम योगी से चल रही है बात: पंकज चौधरी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष पुराने कार्यकर्ताओं की दिखाई टीस

जिलों में प्रवास करने वाले पदाधिकारी एक बैठक वरिष्ठों एवं पुराने कार्यकर्ताओं के साथ अवश्य करें

नये कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण की जरूरत, खुद को समझते हैं मालिक

सरकारी मशीनरी में भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठा कहा


अशोक ओझा
गाजियाबाद
। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने गाजियाबाद आकर वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं पुराने पदाधिकारियों संग बैठक की तो पुराने और वरिष्ठों का दर्द जमकर छलका, वहीं सरकारी मशीनरी में भ्रष्टाचार की गूंज भी उनके कानों तक पहुंची।
पंकज चौधरी मंगलवार को गाजियाबाद आये थे, अनेक कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं पूर्व पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान पूर्व विधायक रूप चौधरी ने नये कार्यकर्ताओं एवं संगठन को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि नये कार्यकर्ता खुद को संगठन का मालिक समझते हैं। वरिष्ठों के प्रति उनके मन में किसी प्रकार का सम्मान का भाव नहीं होता। वे यहीं नहीं रूके, कहा कि किसी भी कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ता और पूर्व विधायक पीछे बैठते हैं, वहीं जो कल आये हैं वे सबसे आगे की सीटों पर विराजमान रहते हैं।
रूप चौधरी ने कहा कि ऐसा संगठन की कमी से है। इस मामले में संगठन को ध्यान देने की आवश्यकता है तथा नये आने वालों को प्रशिक्षण देने की भी आवश्यकता है। उन्होंने कहा प्रदेश अध्यक्ष स्वयं पुराने कार्यकर्ता है इस कारण वे दर्द को भी समझेंगे।
इतना ही नहीं पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा ने कहा कि पुराने एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं को संगठन की तरफ से कार्यक्रमों एवं बैठकों की सूचना तक नहीं दी जाती।
इसी बीच एक कार्यकर्ता ने सरकारी मशीनरी में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यदि भ्रष्टाचार पर चोट हो जाये तो बहुत कुछ ठीक हो जायेगा।
कार्यकर्ताओं की बात सुनने के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भ्रष्टाचार गंभीर मुद्दा है। इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी बात चल रही है तथा जल्द ही एक कमेटी का गठन किया जायेगा जो इस प्रकार की शिकायतों को देखेगी। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि पुराने एवं वरिष्ठों को सम्मान देने के लिए सभी को निर्देश दिये जा चुके हैं। जिलों में प्रवास पर जाने वाले पदाधिकारियों से भी कहा गया है कि वे जब भी जिलों में जायें एक बैठक पुराने, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं पूर्व पदाधिकारियों से कर उनकी बात को सुनें।

ऐसे ऐसे वरिष्ठ जिन्हें पूर्व महानगर अध्यक्ष तक नहीं पहचानते
इस दौरान पार्टी के वरिष्ठों के बीच कुछ अनजान चेहरों को लेकर भी चर्चा चली। वह यह कि ये कौन लोग है जो वरिष्ठों में शामिल हो गये। पूर्व अध्यक्षों में से अधिकांश उनको पहचानते ही नहीं थे।

पुराने एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता के आवास पर किया पंकज चौधरी ने भोजन किया

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देर शाम भोजन करने भाजपा के पुराने पदाधिकारी संजीव जांगिड़ के आवास पर घूकना में भोजन करने गये। इस दौरान वे कुछ प्रमुख पदाधिकारियों को ही साथ लेकर गये थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *